शेयर मंथन में खोजें

कच्चे तेल की नरमी से राहत, एआई का खतरा बाजार के लिए चुनौती

सुनील बंसल

संस्थापक एवं एमडी, रुद्र शेयर्स

भारतीय शेयर बाजार का परिदृश्य चुनौतीपूर्ण है, हालाँकि संरचनात्मक और क्षेत्रवार नीतिगत बदलावों से इन चुनौतियों से निपटने में मदद मिल सकती है। 

अगले 6 महीनों में सेंसेक्स करीब 80,000 और निफ्टी करीब 25,000 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 84,000 और निफ्टी का लक्ष्य 26,000 है। सेंसेक्स के वर्ष 2028 तक 1 लाख का स्तर हासिल करने की उम्मीद है।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 0-10% की वृद्धि हो सकती है। मेरा अनुमान है कि 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,250 रुपये और 2027-28 में 1,400 रुपये रह सकती है। बाजार के लिए इस समय सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट है। इसके विपरीत, एआई से जुड़ा खतरा बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता है।

अगले 6 महीनों में कंपनियों के तिमाही नतीजे बाजार की दिशा तय करने में सबसे महत्वपूर्ण कारक होंगे। वैश्विक स्तर पर एआई से जुड़े घटनाक्रम, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और विदेशी मुद्रा भंडार भी बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। मेरा अनुमान है कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) अगले साल जनवरी 2027 में भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 91-95 के दायरे में रह सकता है।

अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव रहा है। इस संघर्ष के पूरी तरह समाप्त होने को लेकर मैं निश्चित नहीं हूँ, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौता होने की उम्मीद है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दिसंबर 2026 तक होने की संभावना है। हालाँकि, यदि अगले 3-6 महीनों में यह समझौता हो जाता है, तो भी इसका भारतीय बाजार पर उदासीन प्रभाव ही रहने वाला है। 

वैश्विक एआई बुलबुला अभी नहीं फूटा है और इसके फूटने में समय लग सकता है। अभी एआई बुलबुले का भारतीय बाजार पर नकारात्मक प्रभाव रहने वाला है। भारतीय बाजार का प्रदर्शन अगले 12 महीनों में वैश्विक बाजारों की तुलना में कमजोर रह सकता है।

क्षेत्रों की बात करें तो अगले 12 महीनों में बैंकिंग और एफएमसीजी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके विपरीत, आईटी और मेटल क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकते हैं। मेरी पसंद के प्रमुख 5 शेयरों में एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, टीएमपीवी, एचयूएल और नेस्ले शामिल हैं।

(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!