शेयर मंथन में खोजें

एआई का बुलबुला फूटना अभी शुरू नहीं हुआ, जब फूटेगा तो लौटेंगे तो एफपीआई

सुनील सुब्रमण्यम

सीईओ, सेंस ऐंड सिंप्लिसिटी

भारतीय शेयर बाजार फिलहाल सकारात्मक रुझान के साथ समेकन (कंसोलिडेशन) के दौर, यानी सीमित दायरे में रह सकता है।

अगले 6 महीनों में सेंसेक्स करीब 81,000 और निफ्टी करीब 25,000 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 85,000 और निफ्टी का लक्ष्य 26,400 है। अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों की तुलना में कमजोर रह सकता है। सेंसेक्स को 1 लाख पर पहुँचने में वर्ष 2030 तक का समय लग जायेगा। 

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय वृद्धि (अर्निंग ग्रोथ) की दर 10-20% के दायरे में रहने वाली है। वित्त वर्ष 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,250 रुपये और 2027-28 में 1,450 रुपये रह सकती है। भारत की विकास दर (जीडीपी वृद्धि) 2026-27 में 6.7% और 2027-28 में 7% रहनी चाहिए। 

मानसून की कमी बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता है। अगले 6 महीनों में मानसून का विभिन्न क्षेत्रों में वितरण बाजार की दिशा के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक होगा। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत दिशा भी भारतीय बाजार को प्रभावित करेगी। ब्याज दरों का बाजार पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है। 

मेरा अनुमान है कि एफपीआई तब भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं, जब वैश्विक एआई बुलबुला कमजोर पड़ना शुरू होगा। यह बुलबुला अभी फूटना शुरू नहीं हुआ है। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 95-99 के दायरे में रह सकता है।

अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव रहा है। मेरा मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौता हो सकेगा। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दिसंबर 2026 तक होने की संभावना है। यदि अगले 3-6 महीनों में यह समझौता हो जाता है, तो इसका भारतीय बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

अगले 12 महीनों में बुनियादी ढाँचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके विपरीत, आईटी क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है।

(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!