शेयर मंथन में खोजें

घरेलू निवेश से मिल रहा है बाजार को सहारा

सुरेंद्र कुमार गोयल

निदेशक, बोनांजा पोर्टफोलियो

वर्ष 2026 की पहली छमाही में निफ्टी पर बिकवाली का दबाव बना रहा। इस दौरान कच्चे तेल की ऊँची कीमतों, लगातार एफपीआई बिकवाली और अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण बाजार पर यह दबाव आया।

अप्रैल 2026 के बाद निचले स्तरों से वापसी देखने को मिली और पिछले 3 महीनों में निफ्टी 23,000-24,500 के दायरे में रहा है। हाल में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, अमेरिका-ईरान शांति समझौते की दिशा में लगातार प्रगति और एफपीआई बिकवाली की गति में कुछ कमी से बाजार की स्थिति में सुधार आया। वहीं घरेलू फंड लगातार शुद्ध खरीदार बने हुए हैं।

यदि आगे निफ्टी 24,500 के ऊपर टिकता है, तो इसमें खरीदारी की गति बढ़ सकती है और यह अपने अब तक के उच्चतम स्तर को फिर से पार करने की दिशा में बढ़ सकता है। इसके बाद मध्यम से लंबी अवधि में निफ्टी के 27,500 और 29,500 के स्तर तक पहुँचने की संभावना है। इसके विपरीत, प्रतिकूल घटनाक्रम की स्थिति में निफ्टी के लिए 23,000 और 22,000 के स्तर महत्वपूर्ण समर्थन का काम कर सकते हैं।

अगले 6 महीनों में सेंसेक्स करीब 88,200 और निफ्टी करीब 27,500 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 94,500 और निफ्टी का लक्ष्य 29,500 है। मेरा मानना है कि अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों की तुलना में बेहतर रह सकता है। सेंसेक्स के वर्ष 2027 तक 1 लाख का स्तर हासिल करने की उम्मीद है।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 10-20% की वृद्धि हो सकती है। भारत की आर्थिक वृद्धि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद अच्छी बनी हुई है और म्यूचुअल फंड के माध्यम से भारतीय पूँजी बाजार में निवेश भी स्थिर बना हुआ है। इसके अलावा, तेज उछाल के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आयी है, जो बाजार के लिए सकारात्मक है। दूसरी ओर, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की लगातार बिकवाली और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी बाजार के लिए चिंता का विषय हैं।

अगले 6 महीनों में कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक अर्थव्यवस्था की दिशा भारतीय बाजार के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक होगी। वैश्विक व्यापार और टैरिफ नीतियाँ, भूराजनीतिक संघर्षों का कच्चे तेल की कीमतों पर असर तथा तकनीक और एआई आधारित शेयरों की ओर वैश्विक निवेश का रुझान भी बाजार को प्रभावित करेगा। ब्याज दरों की दिशा का विदेशी पोर्टफोलियो निवेश और आयात-निर्यात पर सीधा असर पड़ सकता है। मेरा अनुमान है कि एफपीआई अगले कुछ महीनों में भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 93.50-97.50 के दायरे में रह सकता है।

वैश्विक एआई आधारित शेयरों में फिलहाल कुछ नरमी (करेक्शन) देखने को मिल रही है और भारतीय आईटी क्षेत्र पहले ही कमजोर प्रदर्शन कर चुका है। आगे भारतीय निवेशकों का रुझान केवल एआई थीम से जुड़ी सट्टेबाजी के बजाय नकदी प्रवाह और लाभप्रदता जैसे बुनियादी मानकों वाली कंपनियों की ओर बढ़ सकता है।

अगले 12 महीनों में ऑटोमोबाइल, इन्फ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग और एआई से जुड़े क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। मेरी पसंद में एलऐंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, एमऐंडएम, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और टीवीएस मोटर शामिल हैं।

(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!