शेयर मंथन में खोजें

क्या वेनेजुएला का तेल भारत की ऊर्जा जरूरतों और रिलायंस के लिए बड़ा विकल्प बन सकता है?

वेनेजुएला के पास दुनिया के सबसे बड़े प्रमाणित तेल भंडारों में से एक है, लेकिन केवल बड़े भंडार होने से यह तय नहीं होता कि वह भारत को कितनी मात्रा में तेल उपलब्ध करा सकता है।

ऊर्जा विशेषज्ञ नरेंद्र तनेजा कहना है कि फिलहाल वहां प्रतिदिन करीब 20 से 25 लाख बैरल तेल का उत्पादन हो रहा है और आने वाले समय में इसे 30 लाख बैरल तक ले जाने की संभावना हो सकती है। दूसरी ओर, भारत की प्रतिदिन तेल खपत करीब 58 लाख बैरल बताई गई। ऐसे में वेनेजुएला का पूरा उत्पादन भारत को मिलना संभव नहीं है, क्योंकि उसे अमेरिका और दूसरे देशों को भी तेल की आपूर्ति करनी होगी।

वेनेजुएला के तेल की आपूर्ति बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि भारत रूस से तेल खरीदना उसी अनुपात में कम कर देगा। वेनेजुएला में उत्पादन बढ़ाने के लिए नए निवेश और समय की जरूरत होगी। इसके अलावा भारत में केवल रिलायंस ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य रिफाइनरी कंपनियां भी वहां के कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता रखती हैं। इसलिए उपलब्ध तेल के लिए अलग-अलग कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी हो सकती है। भारत के लिए यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वेनेजुएला कितनी मात्रा में तेल उपलब्ध करा पाता है और किस कीमत पर उसकी आपूर्ति संभव होती है।

वेनेजुएला का कच्चा तेल भारी श्रेणी का होता है, जिसमें सल्फर की मात्रा भी अधिक हो सकती है। इसे रिफाइन करना हल्के और कम सल्फर वाले कच्चे तेल की तुलना में अधिक जटिल और महंगा होता है। इसके लिए आधुनिक तकनीक और विशेष क्षमता वाली रिफाइनरी की जरूरत पड़ती है। विशेषज्ञ के अनुसार, भारत की सभी रिफाइनरियां इस तरह के तेल को प्रोसेस नहीं कर सकतीं, लेकिन रिलायंस, नायरा और इंडियन ऑयल की कुछ आधुनिक रिफाइनरियों में इसकी क्षमता मौजूद है। हालांकि, भारी कच्चे तेल की अधिक प्रोसेसिंग लागत और पर्यावरणीय प्रभाव को देखते हुए इसकी खरीद तभी आर्थिक रूप से फायदेमंद होगी, जब यह पर्याप्त सस्ती कीमत पर मिले। उन्होंने बताया कि आधुनिक रिफाइनरी में भारी तेल को प्रोसेस करने के बाद भी पेट्रोल और डीजल जैसे उत्पादों की गुणवत्ता अच्छी रखी जा सकती है।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का जिक्र करते हुए विशेषज्ञ ने कहा कि आने वाले दिनों में वैश्विक ऊर्जा बाजार की दिशा काफी हद तक अमेरिकी राजनीति और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों पर निर्भर कर सकती है। उनके मुताबिक, अमेरिकी चुनावों में ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी का प्रदर्शन चाहे जैसा रहे, ईरान को लेकर अमेरिकी रुख में सख्ती की आशंका बनी रह सकती है। उन्होंने ट्रंप की कार्यशैली को अप्रत्याशित बताते हुए कहा कि फिलहाल किसी बड़े और सकारात्मक बदलाव की निश्चित उम्मीद करना मुश्किल है। ऐसे हालात में भारत के लिए कच्चे तेल के अलग-अलग स्रोत बनाए रखना और कीमतों के साथ आपूर्ति की स्थिरता पर नजर रखना महत्वपूर्ण होगा।


(शेयर मंथन, 02 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!