शेयर मंथन में खोजें

News

यूरोप-अमेरिका पस्त, एशिया में लाली

जी-20 सम्मेलन में कोई महत्वपूर्ण घोषणा न किये जाने के प्रति वैश्विक शेयर बाजारों ने निराशा प्रकट की है।  विभिन्न वित्तीय संस्थाओं द्वारा नौकरियों में की जा रही कटौती की लगातार घोषणाओं के बीच सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को डॉव जोंस 2.63% की गिरावट के साथ बंद हुआ। नैस्डैक में भी 2.29% की गिरावट रही। यूरोप में एफटीएसई 100 में 2.38% की कमजोरी रही। डैक्स और कैक 40 भी 3% से अधिक कमजोरी के साथ बंद हुए। मंगलवार सुबह भारतीय समयानुसार 8 बजे शंघाई कंपोजिट को छोड़ कर शेष एशियाई बाजारों में गिरावट है। शंघाई कंपोजिट लगभग 1% ऊपर चल रहा है। निक्केई, कॉस्पी और ताइवान वेटेड में लगभग 2% की कमजोरी है। स्ट्रेट टाइम्स लगभग 1% नीचे चल रहा है।

कच्चे तेल के भाव में गिरावट

कच्चे तेल के भाव में गिरावट  आयी है। न्यूयार्क मर्केटाइल एक्सचेंज में शुक्रवार को कच्चा तेल 57.04 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा इसलिए हुआ है कि जी20 की बैठक में कोई ठोस कदम की घोषणा नहीं हो पायी। इसी वजह से अब निवेशकों को समझ में नहीं आ रहा कि इस वैश्विक मंदी का मुकाबला किस तरह किया जाएगा।

सेंसेक्स में 94 अंकों की गिरावट

भारतीय शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह से चल रहा गिरावट का क्रम जारी है, हालांकि आज इनमें दर्ज की गयी गिरावट ज्यादा बड़ी नहीं रही। दिन भर चले उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 94 अंक या 1% की कमजोरी के साथ 9,291 पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 10 अंक या 0.38% की मामूली कमजोरी के साथ 2,800  पर बंद हुआ। हालांकि बाजारों में सप्ताह के पहले दिन के कारोबार की लगभग सपाट शुरुआत हुई, लेकिन दिन का कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजारों में गिरावट बढ़ती गयी। इस दौरान सेंसेक्स एक बार फिर 9,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर तोड़ते हुए 8,957 के निचले स्तर पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद इन्होंने अच्छी वापसी की और बाजार सामान्य गिरावट के साथ बंद हुए। मंझोले शेयरों के सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 2.63% की कमजोरी रही। बीएसई का स्मॉलकैप सूचकांक 2.75% की गिरावट के साथ बंद हुआ।

भारतीय शेयर बाजार में लाली बरकरार

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भी भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट का क्रम बना रहा और दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 151 अंक या 1.58% नीचे 9,385 पर बंद हुआ। एनएसई के निफ्टी सूचकांक में 38 अंकों या 1.34% की गिरावट रही और यह 2,810 पर बंद हुआ। मजबूत वैश्विक संकेत और कल जारी महँगाई दर के बेहतर आँकड़े भी इन्हें लुढ़कने से नहीं बचा सके। हालांकि बाजारों में दिन के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी और एक समय सेंसेक्स बुधवार के बंद स्तर 9,536 से 263 अंक ऊपर 9,799 पर चला गया था। लेकिन यह अपनी मजबूती को बरकरार रखने में नाकामयाब रहा।

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख