शेयर मंथन में खोजें

एलएंडटी फाइनेंस निवेश के लिए बेहतर कंपनी, लेकिन वैल्यूएशन पर सावधानी क्यों जरूरी है?

सुधीर जानना चाहते हैं कि उन्हें एलएंडटी फाइनेंस (L&T Finance) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि एलएंडटी फाइनेंस को बाजार में एक मजबूत और भरोसेमंद निवेश-योग्य कंपनी माना जाता है। कंपनी की सबसे बड़ी ताकत इसका मजबूत समूह समर्थन और वित्तीय क्षेत्र में स्थापित पहचान है। पिछले कुछ समय में शेयर ने अच्छा प्रदर्शन भी किया है, लेकिन मौजूदा स्तरों पर इसके वैल्यूएशन को लेकर कुछ चिंता दिखाई देती है। शेयर का प्राइस-टू-बुक (P/B) अनुपात लगभग 2.4 के आसपास पहुंच चुका है, जो उनके अनुसार कंपनी के आरामदायक वैल्यूएशन स्तर से 15% से 25% तक अधिक है। ऐसे में नए निवेशकों को जल्दबाजी करने के बजाय बेहतर एंट्री लेवल का इंतजार करना चाहिए।

तकनीकी दृष्टि से देखें तो शेयर ने 300 रुपये के आसपास डबल टॉप जैसा पैटर्न बनाया है और उसके बाद लगातार लोअर हाई बनते दिखाई दे रहे हैं। यह संकेत देता है कि फिलहाल शेयर पर कुछ दबाव बना हुआ है। बाजार में मौजूद अनिश्चितता और निफ्टी द्वारा अपने गैप भरने के बाद एलएंडटी फाइनेंस में भी 257-260 रुपये के स्तर तक गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। 257 रुपये के आसपास एक महत्वपूर्ण गैप मौजूद है, जिसे भरने की संभावना बनी हुई है। यदि ऐसा होता है तो यह शेयर के लिए एक स्वाभाविक करेक्शन माना जाएगा।

अगर  शेयर 255 से 285 रुपये की रेंज में कुछ समय तक कंसोलिडेशन करता है तो यह आश्चर्य की बात नहीं होगी। कंपनी की मजबूत पेडिग्री और व्यवसायिक गुणवत्ता को देखते हुए ऊंचे वैल्यूएशन भी कुछ हद तक टिके रह सकते हैं, बशर्ते बाजार में सकारात्मक रुख वापस लौटे। हालांकि फिलहाल चार्ट पर रिवर्स हेड एंड शोल्डर जैसे तेजी वाले संकेतों पर ध्यान देने की बजाय निवेशकों को 290 रुपये के स्तर पर नजर रखनी चाहिए।

290 रुपये के ऊपर निर्णायक ब्रेकआउट मिलने के बाद ही शेयर में नए अपट्रेंड और तेजी के पैटर्न की पुष्टि मानी जा सकती है। जब तक यह स्तर पार नहीं होता, तब तक नीचे की ओर दबाव और गैप-फिलिंग की संभावना बनी रहेगी। कुल मिलाकर, एलएंडटी फाइनेंस एक मजबूत निवेश-ग्रेड कंपनी है और लंबे समय के निवेशकों के लिए उपयुक्त मानी जा सकती है। हालांकि वर्तमान वैल्यूएशन पर थोड़ा असहजता का भाव है, जिससे निवेशकों के रिटर्न पर असर पड़ सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि निवेशक धैर्य रखें और आकर्षक स्तरों पर खरीदारी के अवसर तलाशें।

(शेयर मंथन, 11 जून 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • 2025-26 के सर्वश्रेष्ठ फंड - निवेश मंथन (मई 2026)

    पिछले दो वित्त-वर्ष शेयर बाजार और उसके साथ ही इक्विटी केंद्रित म्यूचुअल फंडों के लिए भी आशा-निराशा के बीच झूलते रहने वाले साबित हुए हैं। इस उठापटक ने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंडों के प्रतिफल (रिटर्न) को बुरी तरह चोट पहुँचायी है। इस लिहाज से 2025-26 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले फंडों का चयन करना एक सहज अध्ययन नहीं है। 

  • युद्ध, तेल संकट और महँगाई : सरकार क्यों दिखा रही बचत की राह - निवेश मंथन (अप्रैल 2026)

    प्रधानमंत्री मोदी की मितव्ययिता की अपील ने देश में खतरे की घंटी बजा दी है। सरकार हाल तक “सब ठीक है” का भरोसा दिला रही थी, पर अब प्रधानमंत्री ने पूरे देश को एकजुट होकर संकट का सामना करने का संदेश दे दिया है। 

देश मंथन के आलेख