शेयर मंथन में खोजें

क्या अगली दिवाली तक शेयर बाजार निवेशकों को देगा शानदार रिटर्न?

पिछले दो वर्षों से शेयर बाजार में जारी सुस्ती ने निवेशकों की उम्मीदों को प्रभावित किया है।

बाजार के प्रमुख इंडेक्स में खास तेजी नहीं दिखी है, वहीं कई निवेशकों के पोर्टफोलियो भी दबाव में रहे हैं। ऐसे में निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अगली दिवाली तक बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिलेगी? मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर अखिल चतुर्वेदी का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियां भले ही चुनौतीपूर्ण हों, लेकिन निवेशकों को धैर्य बनाए रखने की जरूरत है। उनके अनुसार, बाजार पर दबाव की बड़ी वजह वैश्विक परिस्थितियां हैं। यदि ये समस्याएं जल्द सुलझती हैं तो भारतीय बाजार में तेजी से रिकवरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह रिकवरी एक महीने, तीन महीने या छह महीने में आएगी, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।

निवेशकों को फिलहाल इक्विटी में बने रहना चाहिए और अपनी एसआईपी जारी रखनी चाहिए। बाजार में गिरावट या सुस्ती के दौरान एसआईपी के जरिए निवेशकों को अधिक यूनिट्स मिलती हैं, जिसका फायदा लंबे समय में मिल सकता है। इक्विटी निवेश का उद्देश्य आमतौर पर पांच, दस या पंद्रह साल जैसे लंबी अवधि के वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करना होता है। इसलिए छोटी अवधि के उतार-चढ़ाव के आधार पर निवेश के फैसले नहीं लेने चाहिए। उनका मानना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियादी स्थिति मजबूत है। जीडीपी ग्रोथ, विदेशी मुद्रा भंडार, सरकारी सुधार और कॉरपोरेट कंपनियों की कमाई जैसे संकेतक लंबे समय में बाजार के लिए सकारात्मक हैं।

उन्होंने कोविड के बाद बाजार में आई तेजी का उदाहरण देते हुए बताया कि 2020 में बाजार में लगभग 38 फीसदी का करेक्शन आया था। लेकिन इसके बाद 2021 से 2024 के बीच निफ्टी ने करीब दो गुना, मिडकैप ने तीन गुना और स्मॉलकैप ने चार गुना रिटर्न दिया। लगातार चार साल की तेजी के बाद दो से ढाई साल का कंसोलिडेशन असामान्य नहीं है। उनके अनुसार, बाजार में सुस्ती का दौर कई बार अगली तेजी की तैयारी भी होता है। इसलिए निवेशकों को मौजूदा समय को धैर्य और बेहतर निवेश रणनीति के साथ बिताना चाहिए।

बाजार में आने वाले समय में नए रिकॉर्ड हाई देखने को मिल सकते हैं, लेकिन इसके लिए निवेशकों को कंपनियों की कमाई और उनके फंडामेंटल पर ध्यान देना होगा। केवल इंडेक्स के प्रदर्शन से बाजार की पूरी तस्वीर नहीं समझी जा सकती। जिन कंपनियों की कमाई में अच्छी वृद्धि हो रही है, उनमें बेहतर प्रदर्शन की संभावना बनी रह सकती है। उनका निवेशकों को संदेश है कि भारत, भारतीय कारोबारियों और भारतीय शेयर बाजार की विकास क्षमता पर भरोसा बनाए रखें। बार-बार पोर्टफोलियो देखने और छोटी अवधि के उतार-चढ़ाव से घबराने के बजाय अपने वित्तीय लक्ष्यों पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।


(शेयर मंथन, 02 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!