शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौजूदा समय में पैसा कहां निवेश किया जाए और किन शेयरों से बाहर निकलना बेहतर होगा।
बाजार विशेषज्ञ विजय चोपड़ा का मानना है कि अगर किसी निवेशक के पोर्टफोलियो में TCS, ITC, L&T और Reliance जैसी मजबूत कंपनियां हैं, तो केवल बाजार में गिरावट के कारण उन्हें बेचने की जरूरत नहीं है। उनका कहना है कि अगर किसी अच्छी और मजबूत वित्तीय स्थिति वाली कंपनी का शेयर 30-40% तक गिर चुका है, तो घबराकर उसे बेचने के बजाय धैर्य रखना चाहिए। हालांकि, अगर कंपनी के नतीजे लगातार खराब हो रहे हैं, उसका कारोबार कमजोर पड़ रहा है या उसकी वित्तीय स्थिति बिगड़ रही है, तो निवेश के फैसले पर दोबारा विचार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार में हजारों कंपनियां सूचीबद्ध हैं, जिनमें कई कंपनियां मजबूत वित्तीय स्थिति में हैं और कर्जमुक्त भी हैं। ऐसे में निवेशकों को बाजार की गिरावट से घबराने के बजाय अच्छी कंपनियों की पहचान करनी चाहिए। वहीं, नए निवेश के लिए पावर, कंज्यूमर और फार्मास्यूटिकल जैसे क्षेत्रों में अवसर तलाशे जा सकते हैं।
(शेयर मंथन, 05 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)


