शेयर मंथन में खोजें

ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ स्थानों पर हो सकती है हल्की बारिश - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर मध्यम वर्षा के साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है।

ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह पर मध्यम वर्षा देखने को मिलेगी। वहीं दक्षिणी तमिलनाडु और केरल के कुछ स्थानों पर बारिश होगी, जबकि उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों के एक-दो स्थानों पर वर्षा रिकॉर्ड की जायेगी।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान, उत्तरी-तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड पर भारी वर्षा देखी गयी। तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों पर हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गयी। उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों और उससे लगे मध्य भारत पर धुंध और कोहरा छाया रहा। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, पूर्वी भारत, गुजरात और उत्तर भारत के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली। झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्रा प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
17 दिसंबर को बना चक्रवाती तूफान फेथाई लैंडफॉल करने के बाद कमजोर होकर उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ चुका है। इस वक्त यह कम दबाव वाले क्षेत्र के रूप में उत्तरी ओडिशा और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर राज्यों से आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रही है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के मध्यांतर भागों पर बना हुआ है और इस प्रणाली से एक ट्रफ रेखा उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रही है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है। (शेयर मंथन, 18 दिसंबर 2018)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"