शेयर मंथन में खोजें

उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ में बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर छत्तीसगढ़, उत्तर और पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है।

वहीं उत्तरी-आंतरिक ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश और मेघगर्जना की गतिविधियाँ देखी जा सकती हैं। साथ ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश और बर्फबारी देखी जा सकती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में भी न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वी हरियाणा और दिल्ली में कई स्थानों पर बारिश और मेघगर्जना की गतिविधियाँ देखी गयीं। पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में छिटपुट बारिश हुई। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश हुई। ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के एक-दो स्थानों में बारिश देखी गयी। हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो-से तीन डिग्री की गिरावट आयी है।
उधर पूर्वी पंजाब, पूर्वी हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। 24 जनवरी को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब स्थिति में था, लेकिन अब इसमें सुधार हुआ है और आज सुबह कई स्थानों पर मध्यम श्रेणी में हवा की गुणवत्ता मापी गयी, जिसका कारण बारिश और मध्यम हवाएँ हैं।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर पर है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर है और दूसरा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बना है। पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से एक ट्रफ पूर्व मध्य प्रदेश और विदर्भ से होते हुए तेलंगाना तक जा रही है। एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बंगाल की पश्चिम-मध्य खाड़ी के ऊपर है। एक ट्रफ रेखा कोमोरिन से आंतरिक तमिलनाडु होते हुए उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक जा रही है। एक निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना है। (शेयर मथन, 25 जनवरी 2019)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"