25 जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 1.5 अरब डॉलर बढ़ कर 398.178 अरब डॉलर हो गया।
इससे पिछले सप्ताह में फोरेक्स 67.1 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 396.68 अरब डॉलर रह गया था।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 25 जनवरी 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 1.423 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 372.149 अरब डॉलर की हो गयी, जिससे फोरेक्स को सहारा मिला।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स ने 426.02 अरब डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 7.7 करोड़ डॉलर बढ़ कर 21.921 अरब डॉलर पर पहुँच गया, जबकि विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 7 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.464 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 12 लाख डॉलर घट कर 2.643 अरब डॉलर रह गयी। (शेयर मंथन, 02 फरवरी 2019)