शेयर मंथन में खोजें

विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश के अलावा उत्तराखंड में भी एक-दो स्थानों पर भी बारिश होने की उम्मीद है।

उत्तर-पूर्वी राज्यों के अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इसके अलावा बिहार में भी अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
उधर विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में गरज के साथ बारिश की संभावना है। उत्तर और पूर्वी राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी के साथ गर्जना दिखने के आसार हैं। मौसम की यह स्थिति दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी अलग-अलग जगहों पर दिख सकती है। हालाँकि राजस्थान, गुजरात और विदर्भ के हिस्सों में लू के हालत बने रहेंगे।

बीते 24 घंटों की मौसमी गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी एक-दो स्थानों पर बारिश की गतिविधियाँ देखी गयीं। इसके अलावा दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश की यह गतिविधियाँ देखी गयीं। इन सब के बीच राजस्थान के अधिकांश हिस्सों सहित विदर्भ और गुजरात में भी कुछ जगहों पर लू की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा हरियाण, दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी एक-दो स्थानों पर भी लू की स्थिति दर्ज की गयी।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इस विक्षोभ के कारण पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे पाकिस्तान के भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस मौसमी सिस्टम के कारण उत्तरी मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। इसके अलावा बिहार के भागों के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र असम पर भी बना हुआ है। विदर्भ के पश्चिमी भाग से मराठवाड़ा होते हुए तटीय कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा फैल रही है। वहीं बंगाल की खाड़ी के भागों पर एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। (शेयर मंथन, 05 अप्रैल 2019)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"