शेयर मंथन में खोजें

उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश की उम्मीद, मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में लू की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

केरल और तटीय कर्नाटक सहित अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बारिश की गतिविधियाँ बढ़ने के आसार हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में भी बारिश होने की उम्मीद है। जबकि विदर्भ के भागों, गुजरात और दक्षिणी मध्य प्रदेश में भयंकर लू बने रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है।

बीते 24 घंटों की मौसमी गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों पर गरज के साथ बारिश देखने को मिली है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलावा कर्नाटक के उत्तरी भागों और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बारिश की हल्की फुहारें देखने को मिली हैं। केरल, तमिलनाडु और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बारिश दर्ज की गयी है। वहीं गुजरात के अधिकांश भागों और विदर्भ में एक-दो स्थानों पर भयंकर लू जैसे हालात देखने को मिले। इसके अलावा मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी लू जैसे हालात बने हुए हैं।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती तूफान "फानी" उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। चक्रवाती तूफान फानी पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में तमिलनाडु के तटीय भागों की ओर बढ़ता रहेगा और इसके भयंकर तूफान बनने की आशंका है। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू-कश्मीर के पास पहुँच गया है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान पर दिखायी दे रहा है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र छत्तीसगढ़ और इससे सटे विदर्भ पर बना हुआ है। मैप में आप देख सकते हैं कि एक ट्रफ इस सिस्टम से मराठवाड़ा होते हुए अरब सागर के मध्य पूर्वी भागों तक सक्रिय है। उत्तर-पूर्वी बिहार से मणिपुर तक एक अन्य ट्रफ रेखा बनी हुई है। (शेयर मंथन, 29 अप्रैल 2019)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"