शेयर मंथन में खोजें

बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बढ़ेगा तापमान - स्काईमेट (Skymet)

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान उत्तरी पहाड़ी वाले इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रहने के साथ सुखद मौसम की संभावना है।

जबकि ऊपरी हिस्सों में हल्की बारिश देखी जा सकती है। मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। राजस्थान के दक्षिणी भागों में एक-दो जगहों पर धूल भरी आँधी की संभावना है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने की संभावना है, जबकि तटीय ओडिशा पर हल्की बारिश की संभावना है।
उधर उत्तर-पूर्वी भारत के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएँ भी दिख सकती हैं। हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। चक्रवात फानी के धीरे-धीरे कमजोर होने की आशंका है। लेकिन अगले 24 घंटे तक गरज के साथ बारिश जारी रहेगी।
गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों को छोड़कर मध्य भारत में गर्म और शुष्क मौसम की उम्मीद है। हवा का रुख बदलने के कारण आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट हो सकती है। अगले 24 घंटों में तमिलनाडु, केरल और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना के साथ मौसम गर्म और शुष्क रहेगा।

बीते 24 घंटे की मौसमी गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों के दौरान चक्रवात फानी के कारण ओडिशा के अधिकांश हिस्सों खास कर ओडिशा के तटीय और उत्तरी इलाकों में बेहद खराब मौसम की स्थिति देखी गयी है। चक्रवात फानी ने पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों को भी प्रभावित किया है, जिसके कारण वहाँ 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएँ के साथ कुछ भागों में मूसलाधार बारिश भी रिकॉर्ड हुई है। इन क्षेत्रों के अलावा बिहार और झारखंड के भी कुछ हिस्सों में भी गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। उत्तर-पूर्वी राज्यों के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियाँ देखी गयी। दक्षिणी हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बहुत हल्की बारिश पड़ी। मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। जबकि नागपुर में 44 डिग्री के अधिकतम तापमान के साथ विदर्भ सबसे गर्म क्षेत्र बना रहा।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
चक्रवात तूफान फानी डीप डिप्रेशन में कमजोर हो गया है और धीरे-धीरे इसके और कमजोर होने की संभावना है, जिसके बाद यह उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ेगा। तमिलनाडु के तटीय भागों पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। दक्षिणी राजस्थान और इसके आस-पास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। इस मौसम प्रणाली से एक ट्रफ विदर्भ से लेकर मध्य प्रदेश के मध्य भागों तक विकसित है। (शेयर मंथन, 04 मई 2019)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"