शेयर मंथन में खोजें

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, असम, मेघालय, त्रिपुरा, और सिक्किम में बारिश के आसार - स्काईमेट (Skymet)

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।

इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के अन्य स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों जैसे - जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों के पहाड़ी भागों में बर्फबारी भी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में धूलभरी आंधी और गरज के साथ छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है।
इसके अलावा दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक-दो स्थानों में भी बारिश होने के आसार हैं। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में गरज के साथ छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। तमिलनाडु, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और पूर्वी बिहार के एक-दो स्थानों पर प्री-मॉनसून बारिश की फुहारें देखने को मिल सकती हैं, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर और तेलंगाना के कुछ स्थानों में लू का प्रकोप जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटों में मौसम की गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों तथा झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा असम में एक-दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली।
वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इसके अलावा ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक, केरल, मराठवाड़ा के कुछ स्थानों सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी है। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में छिटपुट बारिश हुई है।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तर भारत में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। इस समय एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर बना हुआ है। इससे बना हुआ एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के भागों पर सक्रिय है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी भागों पर बना हुआ है। इस सिस्टम से दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है।
इसके अलावा एक अन्य ट्रफ रेखा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक सक्रिय है। वहीं बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय और त्रिपुरा के भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिणी अंडमान सागर पर एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। (शेयर मंथन, 23 मई 2019)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"