शेयर मंथन में खोजें

एचडीएफसी बैंक का तिमाही मुनाफा 9% बढ़ कर 19,221 करोड़ रुपये पर

निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक - एचडीएफसी बैंक ने 18 अप्रैल को पेश वित्तीय परिणामों में बताया कि 31 मार्च, 2026 को खत्म हुई तिमाही में उसका स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ (Net Profit) 9% बढ़ कर 19,221 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में उसका स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ 17,616 करोड़ रुपये था।

बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर 13 रुपये का अंतिम लाभांश (Final Dividend) देने का ऐलान किया। इस लाभांश भुगतान के लिए रिकॉर्ड तिथि 19 जून 2026 होगी। बैंक की शुद्ध आय (Net Revenue) 31 मार्च, 2025 को समाप्त तिमाही के 44,090 करोड़ रुपये से बढ़ कर 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में 5% की वृद्धि के साथ 46,280 करोड़ रुपये हो गयी। 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही के लिए शुद्ध ब्याज आय (Net Interest Income) 3.2% बढ़ कर 33,080 करोड़ रुपये हो गयी, जो 31 मार्च 2025 को समाप्त तिमाही में 32,070 करोड़ रुपये थी। बैंक ने बताया कि कुल संपत्ति पर शुद्ध ब्याज मार्जिन (Net Interest Margin) 3.38% और ब्याज कमाने वाली संपत्तियों के आधार पर 3.53% रहा। 31 मार्च 2026 तक कुल बैलेंस शीट का आकार 43,649 अरब रुपये था, जबकि 31 मार्च 2025 तक यह 39,102 अरब रुपये था।

इस तिमाही (Q4FY26) में बैंक की संपत्ति गुणवत्ता (Asset Quality) में सुधार हुआ। बैंक ने कहा, "31 मार्च 2026 तक उसका सकल (ग्रॉस) एनपीए (GNPA) सकल ऋणों (Gross Advances) का 1.15% था, जबकि 31 दिसंबर 2025 को यह 1.24% (कृषि क्षेत्र के NPAs को छोड़ कर 0.97%) और 31 मार्च 2025 को 1.33% (कृषि क्षेत्र के NPAs को छोड़ कर 1.13%) थे। वहीं शुद्ध एनपीए (Net NPA) 31 मार्च 2026 को 0.38% पर रहा जबकि पिछली तिमाही में यह 0.42% था।"

एचडीएफसी बैंक ने कहा कि "बैंक ने 11 अगस्त 2025 को 1 रुपये के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर (बोनस के लिए समायोजित) 2.5 रुपये का एक विशेष अंतरिम लाभांश दिया। निदेशक मंडल ने अब 31 मार्च 2026 को समाप्त वर्ष के लिए 1 रुपये के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 13 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। यह आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा। इसके साथ, 31 मार्च 2026 को समाप्त वर्ष के लिए कुल लाभांश 1 रुपये के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 15.50 रुपये होगा। उक्त लाभांश प्राप्त करने के हकदार सदस्यों की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड तिथि शुक्रवार, 19 जून, 2026 होगी।" 

(शेयर मंथन, 18 अप्रैल 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख