आरबीएल बैंक (RBL Bank) का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (Q4) में शुद्ध मुनाफा 243% बढ़ कर 230 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि के 68.7 करोड़ रुपये था।
यह तेज वृद्धि बैंक की बेहतर कामकाजी दक्षता (Operational Efficiency) और लोन बुक (Loan Book) में घटते दबाव को दिखाती है। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) में भी 6.9% की सालाना बढ़त हुई और यह 1,670.7 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 1,563.5 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा अन्य आय (Other Income) भी बढ़ कर 1,068 करोड़ रुपये हो गयी, जो पिछले साल 1,000 करोड़ रुपये थी, जिससे कुल आय को अतिरिक्त सहारा मिला। संपत्ति गुणवत्ता (Asset Quality) में भी बैंक का प्रदर्शन बेहतर रहा, जहाँ सकल एनपीए (GNPA) घटकर 1.45% हो गया, जो पिछली तिमाही में 1.88% था। वहीं शुद्ध एनपीए (NNPA) भी घट कर 0.39% रह गया, जो पहले 0.55% था।
प्रावधान (Provisions) 678 करोड़ रुपये रहे, जो तिमाही आधार पर थोड़े अधिक हैं, लेकिन सालाना आधार पर 785 करोड़ रुपये से कम हैं, जिससे संकेत मिलता है कि क्रेडिट लागत में धीरे-धीरे कमी आ रही है। हालाँकि, बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 4.41% रहा, जो पिछली तिमाही के 4.63% से कम है, जिससे मार्जिन पर कुछ दबाव दिखता है।
(शेयर मंथन, 25 अप्रैल 2026)