शेयर मंथन में खोजें

तेज वृद्धि के दम पर जेप्टो की शेयर बाजार में दस्तक की तैयारी, लेकिन घाटा अब भी बड़ी चुनौती

भारत के क्विक कॉमर्स सेक्टर में तेजी से उभरकर सामने आई जेप्टो अब शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है।

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जेप्टो देश की एकमात्र शुद्ध (Pure-Play) क्विक कॉमर्स कंपनी है जो आईपीओ लाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। 2020 में स्थापित इस कंपनी ने बेहद कम समय में अपनी मजबूत पहचान बनायी है। और आज यह देश की प्रमुख क्विक कॉमर्स कंपनियों में शामिल हो चुकी है। कंपनी की रणनीति ग्राहकों को रोजमर्रा की वस्तुएँ कम कीमत पर और कुछ ही मिनटों में उपलब्ध कराने की रही है। इसी "एवरी डे लो प्राइस" (EDLP) मॉडल की वजह से जेप्टो ने बड़ी संख्या में ग्राहकों को आकर्षित किया है और अपने प्लेटफॉर्म पर खरीदारी की आवृत्ति (Frequency) बढ़ायी है। हालाँकि, तेज विकास के बावजूद कंपनी अभी भी भारी घाटे में है, जो निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय हो सकता है।

कम कीमत और तेज डिलीवरी का फॉर्मूला 

वित्त वर्ष 2026 में जेप्टो ने शानदार वृद्धि दर्ज की। कंपनी के प्लेटफॉर्म पर कुल ऑर्डरों की संख्या 640 मिलियन तक पहुँच गयी, जबकि वार्षिक ट्रांजैक्टिंग यूजर्स की संख्या लगभग 4.8 करोड़ रही। कंपनी ने 66 शहरों में 1,139 डार्क स्टोर का नेटवर्क खड़ा कर लिया है, जिसके माध्यम से वह तेजी से डिलीवरी सुनिश्चित करती है। कंपनी की आय (राजस्व) वृद्धि भी प्रभावशाली रही और FY26 में उसका आमदनी 226 अरब रुपये से अधिक पहुँच गया। विज्ञापन कारोबार भी तेजी से बढ़ा है और अब कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण आय स्रोत बनता जा रहा है।

जेफरीज के मुताबिक विकास की यह कहानी अभी लाभ में नहीं बदल पायी है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का समायोजित EBITDA घाटा लगभग 50 अरब रुपये रहा, जबकि शुद्ध घाटा लगभग 59 अरब रुपये तक पहुँच गया। प्रति ऑर्डर आधार पर भी कंपनी को नुकसान हो रहा है, हालाँकि पिछले वर्षों की तुलना में यह नुकसान कम हुआ है। सकारात्मक बात यह है कि सप्लाई चेन लागत, डिजिटल मार्केटिंग खर्च और अन्य परिचालन लागतों में सुधार देखने को मिला है, जिससे यूनिट इकॉनॉमिक्स बेहतर हो रही है। फिर भी, कंपनी को स्थायी लाभ हासिल करने के लिए अपने ऑर्डर वॉल्यूम और परिचालन दक्षता को और बढ़ाना होगा।

रिपोर्ट बताती है कि जेप्टो का सबसे बड़ा दाँव उसके डार्क स्टोर नेटवर्क और तकनीकी क्षमता पर है। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और ऑटोमेशन का उपयोग करके इन्वेंट्री प्रबंधन, डिलीवरी रूटिंग और ग्राहक अनुभव को बेहतर बना रही है। इसके अलावा, कंपनी ने जेप्टो कैफे, निजी लेबल उत्पादों और विज्ञापन सेवाओं जैसे नए व्यवसायों में भी विस्तार किया है, जो भविष्य में राजस्व और मार्जिन को मजबूत कर सकते हैं।

जेप्टो आईपीओ से जुटाएगी 8,000 करोड़ रुपये

आईपीओ के माध्यम से कंपनी लगभग 8,000 करोड़ रुपये की नई पूँजी जुटाने की योजना बना रही है। इस राशि का उपयोग नये डार्क स्टोर खोलने, लीज संबंधी खर्चों, तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश और ब्रांड प्रमोशन के लिए किया जायेगा। कंपनी के पास मार्च 2026 तक लगभग 5,700 करोड़ रुपये की नकदी उपलब्ध थी, लेकिन लगातार हो रहे नकदी बहिर्वाह को देखते हुए नई पूँजी जुटाना उसके विस्तार कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निवेशकों की निगाहें आईपीओ पर

जेप्टो भारत के तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स बाजार में एक मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरी है और उसकी विकास दर प्रभावशाली है। लेकिन निवेशकों को यह भी समझना होगा कि कंपनी अभी लाभ कमाने से काफी दूर है और उसे तीव्र प्रतिस्पर्धा, लागत नियंत्रण तथा नकदी प्रबंधन जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए जेप्टो का आईपीओ एक उच्च-विकास लेकिन उच्च-जोखिम वाला अवसर साबित हो सकता है, जहाँ भविष्य की सफलता कंपनी की लाभ हासिल करने की क्षमता पर निर्भर करेगी। जेफरीज का मानना है कि जेप्टो की विकास कहानी मजबूत है, लेकिन दीर्घकालिक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कंपनी अपने तेजी से बढ़ते कारोबार को लाभ में कब और कैसे बदल पाती है। (शेयर मंथन, 20 जून 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!