शेयर मंथन में खोजें

क्या 24,000 के ऊपर बाजार में फिर शुरू होगी तेजी?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि बाजार के फंडामेंटल्स में अभी कोई बड़ी कमजोरी नजर नहीं आ रही है।

रिजल्ट सीजन भी काफी अच्छा रहा है और कंपनियों के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला है। हालांकि, जियोपॉलिटिकल तनाव अब भी एक बड़ी अनिश्चितता बना हुआ है। इसके बावजूद उनका मानना है कि बाजार में आगे पैसा बनने की संभावना बनी हुई है, लेकिन अब निवेशकों को पूरे बाजार में तेजी की उम्मीद करने के बजाय बेहतर बिजनेस और मजबूत कंपनियों की स्टॉक पिकिंग पर ध्यान देना होगा।

सोमेश कुमार के मुताबिक पिछले दो वर्षों से बाजार एक दायरे में फंसा हुआ है और इस दौरान निवेशकों को इंडेक्स से बहुत ज्यादा रिटर्न नहीं मिला है। बड़े निवेशकों के नजरिए में भी बदलाव आया है। भारत में भले ही सीधे तौर पर एआई ट्रेड जैसा अवसर नहीं है, लेकिन कई ऐसे बिजनेस हैं जिनमें कमाई और ग्रोथ की अच्छी क्षमता मौजूद है। इसलिए निवेशकों का फोकस अब अलग-अलग कंपनियों और उनके बिजनेस प्रदर्शन पर बढ़ रहा है। उनका मानना है कि आने वाले समय में निवेशकों को लगातार अपने पोर्टफोलियो का मूल्यांकन करना होगा और कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर जरूरी बदलाव करने होंगे।

तकनीकी स्तरों की बात करें तो 24,000 का स्तर बाजार के लिए महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। जब तक यह स्तर कायम रहता है, बाजार की दिशा को सकारात्मक माना जा सकता है। इसके अलावा 20-डे मूविंग एवरेज भी एक अहम सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है। विशेषज्ञ के अनुसार बाजार में गिरावट आने पर खरीदारी की रणनीति अपनाई जा सकती है, लेकिन जोखिम प्रबंधन बेहद जरूरी है। 24,300 के आसपास या उसके करीब के स्तरों पर खरीदारी करने वाले निवेशकों के लिए 24,000 का स्तर रिस्क मैनेजमेंट का आधार बन सकता है।

आगे की संभावनाओं पर सोमेश कुमार का मानना है कि दीपावली से पहले बाजार में 10 से 15 फीसदी तक की तेजी की संभावना बन सकती है। उनका कहना है कि आने वाले महीनों में कंपनियों के नए नतीजे और कारोबारी प्रदर्शन बाजार को सपोर्ट दे सकते हैं। अक्टूबर से दोबारा रिजल्ट सीजन शुरू होगा और इसके बाद बाजार को नए ट्रिगर मिल सकते हैं। ऐसे में मौजूदा कमजोरी को लंबी अवधि की तेजी से पहले का सामान्य उतार-चढ़ाव माना जा सकता है।

हालांकि, अगले सप्ताह बाजार में बहुत बड़ी तेजी या गिरावट का कोई स्पष्ट ट्रिगर नजर नहीं आ रहा है। ज्यादातर कंपनियों के नतीजे सामने आ चुके हैं और ग्लोबल मार्केट से भी फिलहाल कोई बड़ा संकेत नहीं मिल रहा है। ऐसे में बाजार के फ्लैट से हल्के उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करने की संभावना है। लेकिन अगर बाजार 20-डे मूविंग एवरेज के ऊपर बना रहता है और 24,000 का सपोर्ट कायम रहता है, तो सकारात्मक रुख बरकरार रह सकता है। विशेषज्ञ के मुताबिक आगे चलकर बाजार 25,200-25,300 के जोन की ओर बढ़ सकता है।


(शेयर मंथन, 18 अगस्त 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख