नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रस्तावित IPO के साइज और प्राइसिंग को लेकर कंपनी ने अपनी रणनीति स्पष्ट की है।
शुरुआती तौर पर मौजूदा शेयरधारकों की ओर से करीब 6.2% हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचने का अनुमान था। हालांकि, संभावित निवेशकों और मर्चेंट बैंकर्स के साथ चर्चा के बाद 1,700 रुपये से 1,785 रुपये के दायरे को ऐसा माना गया, जिसमें नए निवेशकों के लिए भी पर्याप्त वैल्यू रह सके। इसके बाद मौजूदा शेयरधारकों ने कम कीमत पर ज्यादा हिस्सेदारी बेचने के बजाय IPO का साइज घटाने का फैसला किया। इसी वजह से OFS का अनुमानित साइज करीब 6.2% से घटकर 5.1% रह गया।
कंपनी के मुताबिक IPO की कीमत तय करने में एक संतुलन बनाना जरूरी था। एक तरफ नए निवेशकों के लिए आकर्षक वैल्यूएशन रखना था, वहीं दूसरी तरफ मौजूदा शेयरधारकों को भी उचित कीमत मिलना जरूरी था। NSE का IPO पूरी तरह OFS होगा, यानी इससे मिलने वाली राशि कंपनी के पास नई पूंजी के रूप में नहीं आएगी। कंपनी का कहना है कि उसकी मौजूदा वित्तीय स्थिति मजबूत है और उसे कारोबार के लिए नई पूंजी की तत्काल जरूरत नहीं है।
वैल्यूएशन की तुलना को लेकर भी कंपनी ने कहा कि अलग-अलग देशों और एक्सचेंजों की तुलना सीधे करना आसान नहीं है। किसी एक्सचेंज की मार्केट पावर, कारोबार की प्रकृति और बाजार की परिस्थितियां उसके मूल्यांकन को प्रभावित करती हैं। कंपनी के अनुसार IPO खुलने के बाद निवेशकों की मांग से ही यह स्पष्ट होगा कि तय कीमत बाजार को उचित लगती है या नहीं।
IPO को लेकर एक बड़ा सवाल NSE के डेरिवेटिव कारोबार पर निर्भरता का भी है। रेगुलेटरी सख्ती, खासकर वीकली ऑप्शंस को लेकर बदलावों के बाद एक्सचेंज के रेवेन्यू मॉडल पर सवाल उठे हैं। कंपनी ने बताया कि पहले जहां वीकली ऑप्शंस पर निर्भरता ज्यादा थी, अब यह कुल रेवेन्यू का करीब 42% रह गई है। NSE के मुताबिक रेगुलेटरी बदलाव के बाद एक्सपायरी की संख्या भी कम हुई है।
कंपनी भविष्य में अपने कारोबार को ज्यादा विविध बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट, इलेक्ट्रिसिटी फ्यूचर्स, कोल स्पॉट मार्केट और बॉन्ड इंडेक्स फ्यूचर्स जैसे नए प्रोडक्ट्स पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा इंडेक्स लाइसेंसिंग, डेटा सर्विसेज, टर्मिनल सर्विसेज, क्लियरिंग और सेटलमेंट तथा को-लोकेशन जैसे कारोबार से भी रेवेन्यू बढ़ाने की कोशिश हो रही है। कंपनी का कहना है कि इन क्षेत्रों के विस्तार से लंबे समय में एक अधिक विविध रेवेन्यू प्रोफाइल तैयार हो सकता है।
(शेयर मंथन, 19 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

