शेयर मंथन में खोजें

क्या शेयर बाजार की घबराहट जरूरत से ज्यादा बढ़ गई है?

शेयर बाजार में हालिया गिरावट के बाद निवेशकों के बीच घबराहट बढ़ी है, लेकिन क्या बाजार की मौजूदा स्थिति उतनी चिंताजनक है जितनी दिखाई दे रही है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि कोविड के बाद लगातार तेजी देखने के कारण निवेशकों को सामान्य उतार-चढ़ाव की आदत कम हो गई है। पहले बाजार में एक दिन में 1 से 2 फीसदी तक की हलचल भी सामान्य मानी जाती थी, लेकिन अब छोटी गिरावट भी निवेशकों को बड़ी चिंता देने लगी है। विशेषज्ञ का कहना है कि बाजार हमेशा एकतरफा दिशा में नहीं चलता और आमतौर पर लंबे समय तक चलने वाली तेजी के बाद कंसोलिडेशन और करेक्शन देखने को मिलता है।

उन्होंने यह भी कहा कि बाजार में नया हाई नहीं बनने और रिटर्न नहीं मिलने को एक जैसा समझना सही नहीं है। उनके मुताबिक सभी प्रमुख इंडेक्स फरवरी में अपना नया हाई बना चुके थे और इसके बाद बाजार की दिशा पर वैश्विक घटनाओं का असर पड़ा। साथ ही, अर्निंग्स रिकवरी का चक्र शुरू होने की बात भी कही गई। सितंबर 2024 के बाजार पीक के समय निफ्टी का ट्रेलिंग पीई 24 से ऊपर था, जबकि अब यह 20 से नीचे बताया गया है और एक साल के फॉरवर्ड आधार पर करीब 17 के आसपास है। इस नजरिए से बाजार के वैल्यूएशन में पहले की तुलना में बदलाव आया है।

विशेषज्ञ के मुताबिक मौजूदा बाजार में केवल इंडेक्स की सामान्य खरीदारी के बजाय कंपनियों का चयन ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है। निवेशकों को ऐसी कंपनियों पर ध्यान देना होगा जहां आने वाले दो-तीन वर्षों में कमाई में सुधार की संभावना हो। उनके अनुसार कोविड के बाद जिस तरह तेजी से पैसा बना, वैसा माहौल हर समय नहीं रहता। बाजार में लंबी अवधि में रिटर्न के लिए धैर्य जरूरी है और तेजी कुछ महीनों में भी बड़ा रिटर्न दे सकती है। इसलिए मौजूदा दौर में निवेशकों के लिए बाजार की हर छोटी गिरावट को घबराहट के नजरिए से देखने के बजाय कंपनियों की कमाई और वैल्यूएशन पर ध्यान देना अहम हो सकता है।


(शेयर मंथन, 19 सितंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!