शेयर बाजार में पिछले दो वर्षों से जारी सुस्ती ने निवेशकों को निराश किया है।
लगातार दो दिवाली बाजार के लिहाज से खास उत्साहजनक नहीं रही हैं और कई निवेशकों के पोर्टफोलियो में भी अपेक्षित रिटर्न नहीं दिखाई दिया है। हालांकि, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर अखिल चतुर्वेदी का मानना है कि निवेशकों को इस समय धैर्य बनाए रखने की जरूरत है। उनके मुताबिक, बाजार में मौजूदा दबाव की एक बड़ी वजह वैश्विक परिस्थितियां हैं। जैसे-जैसे ये समस्याएं सुलझेंगी, बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह रिकवरी एक महीने, तीन महीने या छह महीने में कब आएगी, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।
अखिल चतुर्वेदी का कहना है कि निवेशकों को अपने इक्विटी निवेश में बने रहना चाहिए और अगर वे एसआईपी के जरिए निवेश कर रहे हैं तो उसे जारी रखना चाहिए। बाजार में गिरावट या सुस्ती के दौरान एसआईपी से निवेशकों को अपेक्षाकृत अधिक यूनिट मिलती हैं, जिसका फायदा लंबी अवधि में मिल सकता है। उनके अनुसार, इक्विटी निवेश का उद्देश्य पांच, दस या पंद्रह साल जैसे लंबी अवधि के वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करना होता है। इसलिए अल्पावधि की बाजार परिस्थितियों से घबराने के बजाय निवेशकों को भारत की अर्थव्यवस्था, कारोबारियों और शेयर बाजार की क्षमता पर भरोसा रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बाजार में मंदी या सुस्ती का दौर आमतौर पर लंबे समय तक नहीं चलता। पिछले करीब 20 वर्षों के बाजार इतिहास को देखें तो मंदी का एक चक्र सामान्यतः दो से ढाई साल से अधिक नहीं रहा है। उनके मुताबिक, मौजूदा सुस्ती के करीब दो साल पूरे हो चुके हैं। ऐसे में निवेशकों को बाजार की रोजाना की हलचल के बजाय जीडीपी ग्रोथ, विदेशी मुद्रा भंडार, सरकार के सुधारों और कंपनियों की कमाई जैसे बुनियादी पहलुओं पर ध्यान देना चाहिए। इन मोर्चों पर भारत की स्थिति दुनिया के मुकाबले बेहतर दिखाई दे रही है और वैल्यूएशन भी धीरे-धीरे आकर्षक हो रहे हैं।
कोविड के दौरान बाजार में आई करीब 38 फीसदी गिरावट का उदाहरण देते हुए चतुर्वेदी ने कहा कि उस समय भी अर्थव्यवस्था बंद होने के कारण निवेशकों में भारी चिंता थी। लेकिन कोविड के बाद 2021 से 2024 के बीच बाजार ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान निफ्टी ने करीब दोगुना, मिडकैप ने तीन गुना और स्मॉलकैप ने चार गुना तक रिटर्न दिया। ऐसे में चार साल की तेज तेजी के बाद दो से ढाई साल की सुस्ती को बाजार के सामान्य चक्र के रूप में देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, मौजूदा कंसोलिडेशन आगे की तेजी और नए रिकॉर्ड हाई की तैयारी हो सकता है। उनका मानना है कि धैर्य रखने वाले निवेशकों को आने वाले समय में इसका फायदा मिल सकता है।
(शेयर मंथन, 05 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

