शेयर बाजार में पिछले कुछ समय से जारी सुस्ती के बावजूद म्यूचुअल फंड में निवेशकों का भरोसा बना हुआ है।
सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में एसआईपी के जरिए करीब 32,000 करोड़ रुपये का योगदान आया। इक्विटी फंडों में भी निवेश का प्रवाह बढ़ा है। वहीं, मिडकैप, स्मॉलकैप और फ्लेक्सीकैप फंडों में निवेशकों की दिलचस्पी देखने को मिली है, जबकि हाइब्रिड स्कीमों से पैसा निकला है और गोल्ड ईटीएफ में निवेश बढ़ा है। मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर अखिल चतुर्वेदी के मुताबिक, निवेशक आमतौर पर उन श्रेणियों की ओर आकर्षित होते हैं, जहां उन्हें बेहतर रिटर्न की संभावना दिखाई देती है।
चतुर्वेदी का कहना है कि भले ही निफ्टी 50 या निफ्टी 500 जैसे प्रमुख सूचकांकों में पिछले कुछ समय से ज्यादा रिटर्न नहीं दिख रहा हो, लेकिन मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया है। उनके अनुसार, मार्च में हुए युद्ध के बाद अप्रैल से जून के बीच मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों ने नए उच्च स्तर बनाए थे। पिछले छह महीने से एक साल के दौरान इन श्रेणियों में निवेश करने वाले कई निवेशकों को अच्छा रिटर्न मिला है। इसके अलावा, पिछले चार तिमाहियों के आंकड़ों में मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों की कमाई में भी अच्छी वृद्धि देखने को मिली है। यही वजह है कि निवेशक इन फंड कैटेगरी की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय रिटेल निवेशकों में पहले से ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों को लेकर अधिक रुचि देखने को मिलती है। हाल के समय में इन श्रेणियों के बेहतर प्रदर्शन ने इस रुझान को और मजबूत किया है। दूसरी ओर, वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशक गोल्ड को स्थिरता देने वाले विकल्प के रूप में देख रहे हैं। चतुर्वेदी के मुताबिक, गोल्ड में निवेश का आकर्षण केवल बेहतर रिटर्न के कारण नहीं, बल्कि पोर्टफोलियो को संतुलन देने और अनिश्चित परिस्थितियों में सुरक्षा का विकल्प उपलब्ध कराने के कारण भी है।
उनका कहना है कि कई एडवाइजर और डिस्ट्रीब्यूटर भी निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो का करीब 10 से 20 फीसदी हिस्सा गोल्ड ईटीएफ में रखने की सलाह दे रहे हैं। इस तरह मौजूदा समय में मिडकैप, स्मॉलकैप और गोल्ड ईटीएफ निवेशकों की पसंद बने हुए हैं, जबकि लार्जकैप श्रेणी में अपेक्षाकृत कम दिलचस्पी दिखाई दे रही है। हालांकि, निवेशकों के इस रुझान के पीछे बाजार में हालिया प्रदर्शन और वैश्विक परिस्थितियां प्रमुख कारण हैं।
(शेयर मंथन, 05 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

