अगर मौजूदा समय में निवेश के लिए अच्छे शेयरों की तलाश है, तो बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों पर ध्यान देना चाहिए।
सेठी फिनमार्ट के एमडी विकास सेठी का कहना है कि मौजूदा बाजार और सेक्टर की स्थिति को देखते हुए कुछ ऐसे शेयर हैं जो लंबी अवधि के निवेश के लिहाज से आकर्षक दिखाई देते हैं। इस समय बैंकिंग और NBFC सेक्टर सबसे मजबूत विकल्पों में शामिल हैं। बैंकिंग क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), ICICI Bank और HDFC Bank जैसे बड़े और मजबूत बैंक मौजूदा स्तर पर निवेश के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। उनका मानना है कि इनमें से एक या दो शेयरों को पोर्टफोलियो में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है, क्योंकि इनका बिजनेस मजबूत है और लंबी अवधि में बेहतर ग्रोथ की संभावना बनी हुई है।
NBFC सेक्टर की बात करें तो विशेषज्ञ की पसंद Bajaj Finance और Shriram Finance हैं। उनके अनुसार, दोनों कंपनियां अपने-अपने क्षेत्र की मजबूत खिलाड़ी हैं और लंबी अवधि में निवेशकों को अच्छा रिटर्न देने की क्षमता रखती हैं। मजबूत लोन बुक, बेहतर एसेट क्वालिटी और लगातार बढ़ते कारोबार के कारण ये कंपनियां निवेश के लिए आकर्षक दिखाई देती हैं।
Reliance Industries को भी मौजूदा स्तर पर एक अच्छा अवसर बताया। उनका कहना है कि भले ही हाल के समय में रिलायंस का शेयर अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन कर रहा हो, लेकिन इन स्तरों पर इसमें गिरावट का जोखिम सीमित नजर आता है। साथ ही, Jio Platforms के संभावित IPO से कंपनी में वैल्यू अनलॉकिंग की संभावना बन सकती है, जिसका सकारात्मक असर रिलायंस के शेयर पर भी देखने को मिल सकता है।
सेक्टोरल पसंद की बात करें तो विशेषज्ञ ने पावर सेक्टर को भी आने वाले समय के लिए आकर्षक बताया। खासकर मिडकैप पावर कंपनियों में उन्हें बेहतर अवसर दिखाई देते हैं। इस श्रेणी में उन्होंने Power Mech Projects और Hitachi Energy India को अपनी पसंदीदा कंपनियों में शामिल किया। उनका सुझाव है कि इन शेयरों में किसी भी गिरावट के दौरान चरणबद्ध तरीके से निवेश किया जा सकता है।
हालांकि, बाजार में उनकी या उनके संस्थान की इन शेयरों में पोजीशन हो सकती है। इसके अलावा, उनके क्लाइंट्स, मित्रों, परिवार या अन्य परिचितों को भी ये शेयर पहले से सुझाए गए हो सकते हैं। इसलिए निवेशकों को किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले अपनी जोखिम क्षमता, निवेश अवधि और वित्तीय सलाहकार की राय को ध्यान में रखते हुए फैसला लेना चाहिए।
(शेयर मंथन, 02 जुलाई 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)