सीमेंट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अंबुजा सीमेंट के वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (Q4FY26) नतीजे मिले-जुले रहे। ब्रोकरेज हाउस सिस्टमैटिक्स शेयर्स और स्टॉक्स ने कंपनी पर खरीदारी (BUY) रेटिंग बरकरार रखी है, पर बढ़ती लागत और कमजोर मार्जिन को देखते हुए लक्ष्य मूल्य को 650 रुपये से घटा कर 605 रुपये कर दिया गया है। मौजूदा कीमत 443.90 रुपये के मुकाबले यह अभी भी अच्छी तेजी की संभावना दिखाता है।
बढ़ती लागत से दबाव में अंबुजा सीमेंट्स के मार्जिन
सिस्टेमैटिक्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि अंबुजा का वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। आय और बिक्री की मात्रा में स्थिर वृद्धि तो हुई, लेकिन बढ़ती लागत और कम कीमतों के कारण मार्जिन पर दबाव बना रहा। हालाँकि, प्रबंधन की लागत-बचत की पहल से मध्यम अवधि में मार्जिन में सुधार की उम्मीद दिखती है, लेकिन आने वाले समय में चुनौतियाँ बनी हुई हैं। ब्रोकरेज हाउस ने वित्त वर्ष 2027-28 अनुमानित के लिए अपने एबिटा अनुमानों को कम कर दिया है, ताकि बढ़ती लागत के आधार को समायोजित किया जा सके। साथ ही, मूल्यांकन गुणक (valuation multiple) को 13 गुणा से घटा कर 12 गुणा कर दिया है, और अपने लक्ष्य भाव को संशोधित करके 605 रुपये (पहले 650 रुपये) कर दिया है। ब्रोकरेज हाउस ने खरीदारी (BUY) रेटिंग को बनाये रखा है, क्योंकि कंपनी की विस्तार योजनाएँ मजबूत हैं और लंबी अवधि में विकास की स्पष्ट संभावनाएँ हैं।
रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, कंपनी ने अपनी कुल सीमेंट क्षमता को बढ़ा कर 10.9 करोड़ टन प्रति वर्ष कर लिया है। इसकी मुख्य वजह जोधपुर और भाटापारा में सालाना 1.07 करोड़ टन की नयी ग्राइंडिंग क्षमता और 70 लाख टन सालाना की अतिरिक्त क्लिंकर क्षमता को चालू करना था। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही को देखते हुए, ग्राइंडिंग इकाई के साथ-साथ मराठा में एक क्लिंकर इकाई के जरिये और क्षमता जोड़ने की योजना है।
इससे कुल वार्षिक क्षमता बढ़ कर लगभग 11.9 करोड़ टन होने की उम्मीद है। साथ ही, मुंद्रा (20 लाख टन सालाना) और असम (20 लाख टन सालाना) में नयी क्लिंकर लाइनों की भी योजना है। कंपनी थोक सीमेंट टर्मिनलों पर हाल की रेलवे नीतियों के जवाब में अपनी विस्तार रणनीति को फिर से समायोजित कर रही है। कंपनी क्षमता जोड़ने की गति को और अधिक संयमित कर रही है। इससे पूँजी का अनुशासित आवंटन और निवेशित पूँजी पर अधिकतम रिटर्न प्राप्त करने पर लगातार ध्यान केंद्रित करना सुनिश्चित होगा।
(शेयर मंथन, 09 मई 2026)