अगर आपने एबॉट इंडिया का शेयर करीब 26,500 रुपये के स्तर पर सिर्फ डिविडेंड कमाने के उद्देश्य से खरीदा है, तो एक्सपर्ट की राय आपके लिए राहत देने वाली हो सकती है।
कंपनी ने 24 जुलाई को रिकॉर्ड डेट के साथ 656 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान किया है। ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या डिविडेंड के बाद शेयर को होल्ड रखना चाहिए या मुनाफावसूली कर लेनी चाहिए। ट्रेड स्विफ्ट ब्रोकिंग के निदेशक संदीप जैन का कहना है कि एबॉट इंडिया फार्मा सेक्टर की सबसे मजबूत कंपनियों में से एक है और यह उनके पसंदीदा शेयरों में शामिल है। उनका कहना है कि कंपनी के बिजनेस में कोई बड़ी कमजोरी नहीं दिख रही है। हालिया तिमाही नतीजे भी मजबूत रहे हैं और कंपनी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। शेयर में जो गिरावट आई है, उसका बड़ा कारण महंगा वैल्यूएशन रहा है, न कि कंपनी के फंडामेंटल्स में कोई कमजोरी।
फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। जिस तरह अस्पतालों और हेल्थकेयर कंपनियों के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है, उसी तरह अच्छी फार्मा कंपनियों को भी इसका फायदा मिलने की संभावना है। Abbott India इस थीम में एक मजबूत खिलाड़ी मानी जाती है।
डिविडेंड के लिहाज से भी कंपनी आकर्षक है। मौजूदा स्तर पर इसकी डिविडेंड यील्ड करीब 2% के आसपास है। हालांकि, केवल डिविडेंड के लिए निवेश करने के बजाय कंपनी के मजबूत बिजनेस और लंबी अवधि की ग्रोथ पर ध्यान देना ज्यादा बेहतर रणनीति हो सकती है।
एबॉट इंडिया उन चुनिंदा क्वालिटी शेयरों में शामिल है जिन्हें खरीदकर लंबे समय तक होल्ड किया जा सकता है। उनका मानना है कि यह ऐसा स्टॉक है जिसे लेकर निवेशक निश्चिंत रह सकते हैं। पिछले कुछ समय में यह शेयर काफी करेक्शन झेल चुका है। पहले यह बाजार और फार्मा इंडेक्स दोनों से बेहतर प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन अब इसमें वैल्यूएशन सामान्य होने के बाद कुछ समय की कंसोलिडेशन देखने को मिल रही है।
उनके मुताबिक, फिलहाल शेयर को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। स्टॉक कुछ समय तक सीमित दायरे में रह सकता है, लेकिन मजबूत फंडामेंटल्स के दम पर आगे चलकर इसमें फिर से अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में लंबी अवधि के निवेशक इस शेयर में बने रह सकते हैं और डिविडेंड के साथ-साथ संभावित कैपिटल गेन का भी फायदा उठा सकते हैं।
(शेयर मंथन, 01 जुलाई 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)