शेयर मंथन में खोजें

लोअर सर्किट छूने के बाद ऐतिहासिक वापसी, निचले स्तरों से 5,381 अंक उछला सेंसेक्स

कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार के महत्वपूर्ण सूचकांकों ने इन्ट्राडे के लिहाज से रिकॉर्ड वापसी दर्ज कर इतिहास रच दिया।

कोरोना वायरस (Coronavirus) की बढ़ती चिन्ताओं के बीच भारतीय शेयर के दिग्गज सूचकांकों ने शुक्रवार के कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ की। शुक्रवार के कारोबार के शुरुआती मिनटों में ही बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) में लगभग दस-दस प्रतिशत की गिरावट आ गयी और इस लोअर सर्किट की वजह से बाजार में कारोबार 45 मिनटों के लिए रोक दिया गया। इसके बाद जब कारोबार आरंभ हुआ और भारतीय बाजार के दिग्गज सूचकांकों ने निचले स्तरों से जबरदस्त वापसी दर्ज कर डाली।
बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गुरुवार के अपने बंद स्तर 32,778.14 के मुकाबले शुक्रवार की सुबह बड़ी गिरावट के साथ 31,214.13 पर खुला और कुछ ही मिनटों के भीतर लगभग 10 प्रतिशत नीचे 29,687.52 तक चला गया। दस प्रतिशत के इस लोअर सर्किट की वजह से बाजार में कामकाज रोक दिया गया। इसके बाद बाजार जब फिर खुला, तो सेंसेक्स और नीचे फिसल कर 29,388.97 तक चला गया, जो शुक्रवार का इसका निम्नतम स्तर रहा। यही नहीं, इस स्तर को स्पर्श करते ही इसने 52 हफ्तों का अपना नया निचला स्तर भी बना डाला। याद करें कि 20 जनवरी 2020 को सेंसेक्स ने 42,273.87 को अपना सर्वकालिक उच्चतम स्तर छुआ था।
इस तरह कल सुबह लगभग 10.30 बजे सेंसेक्स बीस जनवरी 2020 के अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर से 12,884.5 अंकों का भारी नुकसान उठा चुका था। लेकिन 29,388.97 के इसी निम्नतम स्तर से सेंसेक्स ने कल ऐतिहासिक वापसी कर ली। निचले स्तरों से उभरी शानदार खरीदारी की बदौलत सेंसेक्स ऊपर की ओर 34,769.48 तक चला गया। इस तरह सेंसेक्स ने निचले स्तरों से 5,380.51 अंकों की उछाल हासिल कर ली, जो इन्ट्राडे के लिहाज से नया रिकॉर्ड है। इस जबरदस्त उठापटक के बाद आखिरकार कल सेंसेक्स 1,325.34 अंकों या 4.04% की शानदार तेजी के साथ 34,103.48 पर बंद हुआ।
दूसरी ओर निफ्टी 50 (Nifty 50) गुरुवार के अपने बंद स्तर 9,590.15 के मुकाबले शुक्रवार की सुबह लगभग 1,035 अंक फिसल कर नीचे की ओर 8,555.15 तक चला गया। हालाँकि निचले स्तरों पर उभरी खरीदारी की वजह से यह अंततः पिछले बंद भाव के मुकाबले 365.05 अंकों या 3.81% की शानदार मजबूती के साथ 9,955.20 पर रहा।
शुक्रवार को इस वापसी की बदौलत एनएसई निफ्टी के 50 शेयरों में से केवल आठ शेयर लाल निशान में बंद हुए, जबकि 42 शेयर हरे निशान में बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स के 30 शेयरों में से पाँच शेयर कमजोरी के साथ, जबकि 25 शेयर मजबूती के साथ बंद हुए। शुक्रवार को बीएसई के कुल शेयरों में से 1,191 शेयरों में बढ़त के मुकाबले 1,193 शेयरों में कमजोरी रही, जबकि 164 शेयर पिछले बंद भाव के मुकाबले बिना किसी परिवर्तन के बंद हुए।
सेंसेक्स के शेयरों की बात करें तो शुक्रवार को एसबीआई (SBI) में 13.87%, टाटा स्टील (Tata Steel) में 13.48%, एचडीएफसी (HDFC) में 10.33% और सन फार्मा (Sun Pharma) में 8.34% की शानदार मजबूती दर्ज की गयी। हालाँकि शुक्रवार की सेंसेक्स की इस वापसी को नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, हीरो मोटोकॉर्प और एचसीएल टेक का साथ नहीं मिल सका। (शेयर मंथन, 14 मार्च 2020)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख