शेयर मंथन में खोजें

दूरसंचार कंपनियों में तेजी का क्रम जारी, वोडाफोन-आइडिया का शेयर 21.47% चढ़ा

भारतीय शेयर बाजार में आज के कारोबार में दूरसंचार क्षेत्र से संबंधित कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गयी और बीएसई टेलीकॉम इंडेक्स 3.42% मजबूती के साथ 997.61 पर बंद हुआ।

सरकार की ओर से राहत मिलने की उम्मीद में आज सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर वोडाफोन-आइडिया (Vodafone Idea) का शेयर 21.47% मजबूती के साथ 4.47 रुपये पर बंद हुआ। इससे पहले यह ऊपर की ओर 4.55 रुपये तक गया। शुक्रवार को यह शेयर 24.75% की तेजी के साथ 3.68 रुपये पर बंद हुआ था। इस तरह पिछले दो कारोबारी सत्रों में कंपनी का शेयर 51.53% चढ़ चुका है।
इसी तरह सेंसेक्स की दिग्गज कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के शेयर में भी आज उछाल देखी गयी। बीएसई पर भारती एयरटेल में 4.06% की तेजी रही और यह आज के सत्र के अंत में 409.15 रुपये पर बंद हुआ। इससे पहले यह आज ऊपर की ओर 420.40 रुपये तक गया, जो इसका 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर भी है। शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भारती एयरटेल का शेयर 8.42% की उछाल के साथ 393.20 रुपये पर बंद हुआ था। इस तरह पिछले दो कारोबारी सत्रों में इसका शेयर 12.82% की तेजी दर्ज कर चुका है।
ध्यान रहे कि शुक्रवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा था कि सरकार दूरसंचार क्षेत्र की चिन्ताओं को दूर करना चाहती है। उन्होंने कहा था कि वह नहीं चाहतीं कि कोई भी कंपनी अपना कामकाज बंद करे। केवल दूरसंचार क्षेत्र ही नहीं, बल्कि प्रत्येक क्षेत्र में सभी कंपनियाँ अपना कारोबार करने में सक्षम हों, अपने बाजार के ग्राहकों को सेवाएँ उपलब्ध करायें और कारोबार में बनी रहें।
इससे पहले 24 अक्टूबर को समायोजित सकल आय (AGR) पर उच्चतम न्यायालय की ओर से आये फैसले में यह मान लिया गया था कि कंपनियों को दूरसंचार सेवाओं के इतर कारोबार से हुई आय भी उनकी समायोजित सकल आय का हिस्सा है। उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बाद वोडाफोन-आइडिया और भारती एयरटेल सहित अन्य दूरसंचार सेवा कंपनियों पर सरकार की 1.4 लाख करोड़ रुपये की पुरानी देनदारी बन गयी है। इसके बाद 29 अक्टूबर को सरकार ने कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में एक सचिवों की समिति गठित कर दी, जिसको दूरसंचार क्षेत्र पर पड़े भारी वित्तीय बोझ से निबटने के लिए उपाय बताने की जिम्मेदारी दी गयी है। (शेयर मंथन, 18 नवंबर 2019)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख