शेयर मंथन में खोजें

सेंसेक्स (Sensex) 637 अंक पिटा, निफ्टी (Nifty) को 190 अंक की चोट

बुधवार के कारोबार में शेयर बाजार दिन भर कमजोर बना रहा। बाजार में गिरावट लगातार बढ़ती गयी, हालाँकि सुबह बाजार लगभग सपाट खुला था।

अंत में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 637 अंक या 1.04% गिर कर 60,657 पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 190 अंक या 1.04% कमजोरी के साथ 18,043 पर आ गया। छोटे-मँझोले शेयरों में भी इसी तर्ज पर कमजोरी बनी रही और मिडकैप एवं स्मॉलकैप सूचकांकों में भी लगभग 1% की कमजोरी देखने को मिली।
निफ्टी मिडकैप 100 में 1.10% और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.95% की गिरावट दर्ज हुई। बीएसई मिडकैप 0.97% और बीएसई स्मॉलकैप 0.79% फिसल गये।
क्षेत्रवार देखें तो धातु (मेटल), रियल एस्टेट, बैंक, तेल-गैस, मीडिया और आईटी शेयरों की सबसे अधिक पिटाई हुई। निफ्टी मेटल 2.11%, निफ्टी रियल्टी 2.05%, निफ्टी पीएसयू बैंक 1.83%, निफ्टी ऑयल ऐंड गैस 1.56%, निफ्टी मीडिया 1.50%, निफ्टी बैंक 1.07% और निफ्टी आईटी 0.98% गिर कर बंद हुए।
बाजार में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की फेडरल ओपन मार्केट कमिटी (एफओएमसी) की बैठक के विवरण (मिनट्स) सामने आने से पहले एक घबराहट दिखी। ये विवरण आज देर रात जारी होंगे। इनसे बाजार को यह संकेत मिलेगा कि साल 2023 में फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की गति और मात्रा कैसी रहेगी। फेडरल रिजर्व ने अपनी 13-14 दिसंबर की बैठक में ब्याज दरों को 0.50% अंक बढ़ाने का निर्णय लिया था। इस वृद्धि के बाद फेडरल रिजर्व की दरें 4.25-4.50% के दायरे में हैं। इस बैठक में फेडरल रिजर्व ने वर्ष 2023 के लिए संभावित महँगाई दर (Inflation) को 2.8% से बढ़ा कर 3.1% कर दिया था, लिहाजा बाजार आगे चल कर फेडरल रिजर्व का रुख सख्त बना रहने की आशंका में है। (शेयर मंथन, 04 जनवरी 2023)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख