शेयर मंथन में खोजें

डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी थमने की उम्मीद

राजीव रंजन झा : डॉलर के मुकाबले रुपये में हर दिन रिकॉर्डतोड़ गिरावट के बीच यह समझना मुश्किल हो रहा है कि आखिर रुपये में और कितनी गिरावट आ सकती है।
लेकिन इस समय डॉलर-रुपये का चार्ट एक दिलचस्प मुकाम पर दिख रहा है। कल एक डॉलर की कीमत चढ़ कर 68.80 रुपये तक चली गयी। डॉलर के भाव का दिन का ऊपरी स्तर और बंद स्तर बराबर ही रहा। ऐसे में यह सोचना बड़ा मुश्किल लगता है कि अगले दिन ही रुपये की चाल पलट जाये। लेकिन अगर ऐसा हो जाये तो मुझे आश्चर्य भी नहीं होगा। 
दरअसल बीते तीन सत्रों में डॉलर की कीमत ने जिस तरह छलाँग लगायी है, उससे यह अपने 10 और 20 दिनों के सिंपल मूविंग एवरेज (एसएमए) स्तरों से काफी ऊपर छिटक गया है। इसके बंद भाव 68.80 की तुलना में 10 एसएमए 64.05 पर है, यानी 4.75 रुपये का अंतर आ गया है। कल रुपये में कमजोरी के लिहाज से ही एक ऐतिहासिक दिन नहीं रहा, बल्कि इसके मूल्य और 10 एसएमए के बीच अंतर के लिहाज से भी एक नया रिकॉर्ड बन गया! इसका 20 एसएमए तो और भी दूर 62.51 पर है, यानी 20 एसएमए की तुलना में मौजूदा भाव 10% से भी ज्यादा ऊपर है। डॉलर-रुपये के चार्ट पर यह बेहद असामान्य स्थिति है। 
आम तौर पर जब किसी चार्ट पर भाव अपने मूविंग एवरेज स्तरों से ज्यादा दूर छिटक जाते हैं तो यह असंतुलन दो तरीकों से दूर होता है। या तो भाव ठहर जाते हैं, जिससे मूविंग एवरेज धीरे-धीरे भाव के करीब आ जायें। या फिर भाव तेजी से मूविंग एवरेज के करीब आने की कोशिश कर सकते हैं।
संभव है कि बाजार ऐसा करने में अभी थोड़ा वक्त और ले ले। संभव है कि इस दौरान रुपया कमजोरी के कुछ और नये रिकॉर्ड भी बना दे। लेकिन अब जल्दी ही डॉलर रुपये के चार्ट पर भाव को 10 एसएमए से अपनी दूरी घटाने के लिए इन दो में से कोई एक काम तो करना होगा।
यहाँ डॉलर रुपये के चार्ट की कुछ और दिलचस्प बातों का जिक्र कर दूँ। अगर मान लें कि कल के ऊपरी स्तर 68.80 पर डॉलर ने रुपये की तुलना में एक शिखर बना लिया है, तो एक मई की तलहटी 53.63 से 68.80 तक की उछाल की 50% वापसी 61.21 पर होती है। संयोग से इसने 8 जुलाई को 61.21 पर ही एक छोटा शिखर बनाया था। अगस्त के शुरुआती हफ्तों में एक दायरे में वक्त बिताने के बाद अगस्त के मध्य से डॉलर के भाव ने 61.21 के आसपास के ही स्तरों से ही नयी तेजी पकड़ी।
यह भी दिखता है कि 53.63-68.80 की 38.2% वापसी के स्तर 63.00 और 23.6% वापसी के स्तर 65.22 के बीच अगस्त के तीसरे हफ्ते में ऊपर-नीचे होने के बाद इसने 63 के कुछ ऊपर ही सहारा लेकर पिछले तीन सत्रों की उछाल दर्ज की है।
इन सब बातों को देख कर लगता है कि भले ही अभी 68.80 पर शिखर बनने का कोई स्पष्ट संकेत न मिला हो, लेकिन इस संभावना को ध्यान में रखा जा सकता है। बेशक, अगर आज रुपये ने फिर से सुबह-सुबह ही कमजोरी दिखा दी तो यह संभावना टूट जायेगी। लेकिन डॉलर के भाव और 10 एसएमए के बीच की दूरी हद से ज्यादा हो जाने की बात तब और ज्यादा प्रभावी हो जायेगी। आखिरकार उस कारण से डॉलर की कीमत या तो नीचे आयेगी, या फिर एक दायरे में ठहरने की कोशिश तो जरूर ही करेगी। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 29 अगस्त 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख