शेयर मंथन में खोजें

सत्यम (Satyam) की थाली में कितने लड्डू बचे हैं आपके लिए?

राजीव रंजन झा

सत्यम कंप्यूटर (Satyam Computer) से महिंद्रा सत्यम बन गयी कंपनी के निवेशकों का एक लंबा इंतजार पूरा होने वाला है और इस बात का उत्साह कंपनी के शेयर भावों में साफ झलक रहा है।

अपने गुनाहों के इकरार के बाद से जेल के बदले पाँच सितारा अस्पताल में समय गुजारने वाले बी रामलिंग राजू ने 07 जनवरी 2009 को अपने गुनाहों का एक इकरारनामा लिखा था। वैसे तो उस इकरारनामे से पहले ही सत्यम कंप्यूटर और मेटास को लेकर तमाम सवाल उठ चुके थे, लेकिन उस इकरारनामे के बाद सत्यम का झूठ का महल ढह गया। यहाँ तक कि वह इकरारनामा कितना सच कह रहा है, इस बात पर भी सवाल उठे और आज तक वे सवाल अनसुलझे हैं। उस समय से आज तक सत्यम कंप्यूटर के निवेशक एक तरह से अँधेरे में बैठे हैं। उन्हें पता नहीं है कि उनकी कंपनी कितना कमाती है, और उस पर कितना मुनाफा बनाती है। यहाँ तक कि आज भी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या औपचारिक रूप से उनके सामने नहीं है।
लेकिन अब इन निवेशकों का इंतजार पूरा होने वाला है। कंपनी लॉ बोर्ड की ओर से तय 30 सितंबर की समय-सीमा से एक दिन पहले कंपनी 29 सितंबर को अपने कारोबारी नतीजे सामने रखेगी। साथ में यह अपने पुराने आँकड़ों को भी सही करके बतायेगी, क्योंकि कंपनी के पिछले तमाम सालों के सारे आँकड़े अब फर्जी माने जा चुके हैं। मैंने हाल में 06 सितंबर की सुबह कुछ अनुमान आपके सामने रखे थे (देखें http://www.sharemanthan.in/index.php/rag-bazaari/8923-rajeev-ranjan-jha-column-20100906)। कर्मचारियों की संख्या और बाजार पूँजी का विश्लेषण करने से उस समय लग रहा था कि सत्यम और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के मूल्यांकनों में ज्यादा फर्क नहीं रह गया है। उस समय यह 91 रुपये के भाव पर था। वहाँ से इसने कल 23 सितंबर को 113.80 रुपये तक की बढ़त हासिल की, करीब 25% उछल गया। अभी इस बुधवार को एक ही दिन में यह करीब 15% उछला। अगर अगस्त 2010 के ही निचले स्तर 78.55 से तुलना करें तो इसने करीब 45% तक की बढ़त हासिल कर ली।
इतनी बढ़त के बाद क्या आपको लगता है कि इस थाली में आपके लिए लड्डू बाकी बचे हैं! याद रखें कि जब तक कंपनी के नतीजे सामने नहीं आ जाते, तब तक इसमें आपका कोई भी निवेश बस आँखों पर पट्टी बाँध कर किया गया सट्टा होगा। निवेश तो पुख्ता जानकारी पाने और उनका विश्लेषण करने के बाद ही होता है। इसलिए अगर निवेश करना है तो आपको इंतजार करना ही होगा। सट्टा खेलना चाहते हैं तो आपकी मर्जी, इस सट्टे में आप कमा भी सकते हैं, गँवा भी सकते हैं। (शेयर मंथन, 24 सितंबर 2010)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख