देवर्ष वकील
प्राइम रिसर्च प्रमुख, एचडीएफसी सिक्योरिटीज
मैं भारतीय शेयर बाजार में तेजी के लिए आशावादी (बुलिश) हूँ, लेकिन निवेशकों को शेयरों का चयन सोच-समझ कर करना चाहिए।
अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार वैश्विक बाजारों से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। फिर से कॉर्पोरेट आय में दो अंकों की वृद्धि का लौटना इसका प्रमुख कारण बनेगा। हालाँकि कमजोर मॉनसून बाजार के लिए सबसे बड़ा जोखिम बन सकता है। अगले 6 महीनों में भारत की जीडीपी वृद्धि दर, कंपनियों के तिमाही नतीजे, महँगाई और ब्याज दरें बाजार की दिशा तय करेंगी। अमेरिका-ईरान युद्ध का भारत और भारतीय शेयर बाजारों पर हल्का नकारात्मक असर पड़ा है। यह संघर्ष समाप्त हुआ है या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना कठिन है। हालाँकि मेरा मानना है कि अंततः अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो जायेगा।
उम्मीद है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता दिसंबर 2026 तक हो जायेगा। यदि यह अगले 3-6 महीनों में हो जाता है, तो भारतीय बाजारों पर इसका सकारात्मक असर पड़ेगा। कैलेंडर वर्ष की अंतिम तिमाही में ब्याज दरों में बढ़ोतरी हो सकती है।
एआई पर केंद्रित वैश्विक बाजारों में अतिरिक्त निवेश का प्रवाह कम होगा, जिसका फायदा भारत को मिल सकता है। अगले 6 महीनों में अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की नीतियाँ भारतीय बाजारों को सबसे अधिक प्रभावित करेंगी। मुझे लगता है कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) अब धीरे-धीरे भारतीय बाजार में शुद्ध खरीदार बनने लगेंगे।
मैं दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स को 85,500 और निफ्टी को 25,800 के स्तर पर देखता हूँ। जून 2027 तक सेंसेक्स के 87,500 और निफ्टी के 27,000 पर पहुँचने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निफ्टी का ईपीएस 1,230 रुपये और 2027-28 के लिए 1,350 रुपये रहने का मेरा अनुमान है। मुझे 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 10-20% वृद्धि की उम्मीद है। भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2026-27 में 7% और वित्त वर्ष 2027-28 में 8% रह सकती है।
अगले 12 महीनों में बीएफएसआई क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन कर सकता है, जबकि ग्रामीण खपत से जुड़े क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकते हैं। मेरी पसंद बैंकिंग और रक्षा (डिफेंस) क्षेत्र हैं। अगले 6 महीनों में डॉलर-रुपया विनिमय दर 91-95 रुपये के दायरे में बने रहने की संभावना लगती है। मेरा मानना है कि सेंसेक्स 2027 तक 1 लाख के स्तर तक पहुँच जायेगा।
(शेयर मंथन, 18 जुलाई 2026)