शेयर मंथन में खोजें

एक्सपर्ट से जानिए क्या निफ्टी बैंक 54,300 पार करेगा या दबाव में रहेगा?

बैंकिंग सेक्टर, खासकर Nifty Bank, इस समय बाजार की दिशा तय करने में सबसे अहम भूमिका निभा रहा है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि अगर बाजार में किसी बड़े रिवर्सल (पलटाव) का संकेत मिलेगा, तो वह सबसे पहले बैंकिंग इंडेक्स से ही देखने को मिलेगा। आने वाले छोटे हफ्ते (तीन ट्रेडिंग सेशन) में निवेशकों की नजर खास स्तरों पर रहेगी। तकनीकी तौर पर, निफ्टी बैंक में मजबूत शॉर्ट कवरिंग के संकेत तभी बनेंगे जब यह 54,300 के ऊपर क्लोजिंग दे। इससे पहले 52,200 से 52,300 की रेंज एक शुरुआती रेजिस्टेंस की तरह काम करेगी, लेकिन असली ताकत तभी दिखेगी जब ऊपरी स्तर बिलकुल (decisively) टूटेगा।

दरअसल, मौजूदा वैश्विक और घरेलू आर्थिक माहौल बैंकिंग सेक्टर के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। रुपये में कमजोरी, बढ़ती बॉन्ड यील्ड, महंगाई का खतरा और विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली जैसे फैक्टर बैंकों पर दबाव बना रहे हैं। चूंकि बैंकिंग सेक्टर सीधे अर्थव्यवस्था की सेहत से जुड़ा होता है, इसलिए किसी भी तरह की आर्थिक अस्थिरता का असर सबसे पहले इसी सेक्टर पर दिखाई देता है। अगर यह दबाव बढ़ता है और इसका असर मैन्युफैक्चरिंग व अन्य सेक्टर तक फैलता है, तो स्थिति और जटिल हो सकती है।

वैश्विक स्तर पर भी हालात आसान नहीं हैं। ट्रंप और मध्य-पूर्व की भू-राजनीतिक स्थिति, खासकर स्ट्रेट ऑफ होरमज से जुड़ा तनाव, बाजार की चिंता को और बढ़ा रहा है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल सप्लाई का एक बड़ा हिस्सा संभालता है, और इसके बाधित होने से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है। अमेरिका, चीन और जापान जैसे बड़े देशों के पास तेल के पर्याप्त भंडार हैं, लेकिन भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर इसका सीधा असर पड़ता है।

अगर होर्मुज स्ट्रेट खुला रहता है और तेल की सप्लाई सामान्य बनी रहती है, तो कच्चे तेल की कीमतें 70 से 80 डॉलर के दायरे में स्थिर हो सकती हैं, जिससे बाजार को कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन अगर स्थिति बिगड़ती है, तो इसका सीधा असर बैंकिंग सेक्टर और व्यापक बाजार पर पड़ेगा। ऐसे में निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे जल्दबाजी में बड़े फैसले लेने से बचें और खासकर बैंकिंग इंडेक्स के अहम स्तरों पर नजर बनाए रखें, क्योंकि यही आने वाले समय में बाजार की दिशा तय करेगा।

 



(शेयर मंथन, 31 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख