खराब आँकड़ों से घबराये अमेरिकी शेयर बाजार
खराब खबरों से घबरा जाने वाले अमेरिकी शेयर बाजारों ने गुरुवार को एक बार फिर कुछ खराब आँकड़ों के सामने हथियार डाल दिये और एक दिन पहले 201 अंकों की बढ़त दर्ज करने वाले डॉव जोंस में 226 अंकों की गिरावट आ गयी। आज शुक्रवार की सुबह एशियाई बाजारों में लाली दिख रही है। हालाँकि रिपब्लिकन सदस्यों के विरोध के बीच नयी अमेरिकी सरकार की 819 अरब डॉलर की राहत योजना को बुधवार देर शाम को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की मंजूरी मिल गयी, लेकिन इसके बावजूद गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में गिरावट का रुख रहा।
जिंदल स्टील कंपनी के मुनाफे में 1% की वृद्धि दर्ज की गयी है। कंपनी का लाभ अक्टूबर-दिसंबर 2008 की तिमाही में 325.17 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में यह 319.05 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी की आय में भी बढ़ोतरी हुई है। साल 2008 की दिसंबर तिमाही में इसे 1791.46 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि साल 2007 की इसी तिमाही में इसकी आय 1407.41 करोड़ रुपये रही थी।