महँगा अच्छा, सस्ता खराब
राजीव रंजन झा
कल धनतेरस के दिन हर घर में कुछ-न-कुछ नया सामान आया होगा। सबको पता है कि धनतेरस के दिन बाजार में हर चीज महँगी हो जाती है, फिर भी लोग कुछ-न-कुछ खरीद ही लाते हैं। दिन ही कुछ ऐसा है! लेकिन आम दिनों में आप क्या करते हैं? आप चाहते हैं कि आपको अच्छा सामान मिले, लेकिन सस्ते दामों पर। मान लें कि आपको एक शर्ट खरीदनी थी, और 500 रुपये के दाम पर वह आपको पसंद आ रही थी। अगर वही शर्ट किसी सेल में आपको 250 रुपये की मिले, तो आप उसे खरीदेंगे या छोड़ देंगे? शायद लपक कर खरीदेंगे, क्योंकि पहले जिस कीमत पर आप खरीदारी के लिए तैयार थे, उससे भी आधी कीमत पर अब वह आपको मिल रही है। लेकिन शेयर बाजार में कहानी बदल जाती है।
आज बाजार काफी चढ़ता-गिरता रहेगा और इसमें सौदे करना ठीक नहीं होगा। निफ्टी का दिन भर का दायरा 2,500 से 2,750 तक का रह सकता है। इतने बड़े दायरे में निफ्टी बार-बार ऊपर-नीचे जा सकता है और इस चाल को पकड़ना काफी मुश्किल होगा।