एक निवेशक जानना चाहते हैं कि उन्हें इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (IRCON) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि तकनीकी और फंडामेंटल दोनों दृष्टिकोण से देखें तो स्टॉक अभी बहुत मजबूत स्थिति में नहीं दिख रहा। कंपनी के हालिया प्रदर्शन में लगातार सेल्स डिग्रोथ देखने को मिली है, जो जून 2024 से जारी है। इसके साथ ही, कंपनी का ईपीएस भी तेज़ी से गिरा है। करीब 2.6 रुपये से घटकर लगभग 1 रुपये तक पहुंच गया है, जो कमाई में बड़ी गिरावट को दिखाता है। यही कारण है कि स्टॉक का प्राइस भी ऊंचे स्तरों से काफी नीचे आ गया है।
वैल्यूएशन के नजरिए से भी यह स्टॉक अभी पूरी तरह सस्ता नहीं कहा जा सकता। अनुमान है कि इसमें अभी भी करीब 15 से 20% तक का ओवरवैल्यूएशन हो सकता है। तकनीकी रूप से देखें तो 100 रुपये के आसपास एक मजबूत सपोर्ट ज़ोन बनता दिख रहा है, जहां 80% तक का रिट्रेसमेंट और वैल्यूएशन दोनों संतुलित हो सकते हैं। इसका मतलब यह है कि यदि बाजार में कमजोरी बनी रहती है, तो स्टॉक इस स्तर तक गिर सकता है।
हालांकि, एक सकारात्मक पहलू यह है कि हाल के क्वार्टर में क्वार्टर-ऑन-क्वार्टर आधार पर थोड़ी स्थिरता और सुधार के संकेत दिखाई दिए हैं, जिससे उम्मीद बनती है कि आने वाले समय में डिग्रोथ रुक सकती है और ग्रोथ में बदल सकती है। लेकिन इसके लिए कंपनी को अपने ऑर्डर बुक को प्रभावी तरीके से एग्जीक्यूट करना होगा, क्योंकि फिलहाल सबसे बड़ी समस्या एग्जीक्यूशन की ही नजर आती है। ऑर्डर मिलने के बावजूद वह समय पर सेल्स में कन्वर्ट नहीं हो पा रहे हैं। रिवर्सल के संकेत के तौर पर 135 रुपये के ऊपर क्लोजिंग को अहम माना जा सकता है। अगर स्टॉक इस स्तर को पार करता है, तो धीरे-धीरे सुधार की संभावना बन सकती है। कुल मिलाकर, इरकॉन एक मजबूत ऑर्डर बुक और सरकारी सपोर्ट वाली कंपनी है, लेकिन फिलहाल इसकी असली चुनौती एग्जीक्यूशन और ग्रोथ को वापस ट्रैक पर लाना है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी से बचते हुए, अहम स्तरों और कंपनी के नतीजों पर नजर रखते हुए ही आगे का निर्णय लेना चाहिए।
(शेयर मंथन, 05 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)