
देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में दमदार नतीजे पेश किये हैं। कंपनी की एकल आय में इस दौरान सालाना आधार पर 24.5% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गयी। विश्लेषकों का मानना है कि इसके चलते महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयरों में निवेशकों को आकर्षक प्रतिफल (रिटर्न) मिल सकता है।
पीएल कैपिटल ग्रुप के विश्लेषक मेहुल मिस्त्री ने महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयरों के लिए खरीदने की सलाह (बाय रेटिंग) दी है। उन्होंने इस शेयर के लिए 3,539 रुपये का लक्ष्य भाव तय किया है। मिस्त्री ने यह लक्ष्य मंगलवार को दिया और उस दिन महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयरों का भाव 3,022 रुपये था। इस तरह कह सकते हैं कि मिस्त्री को महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयरों में आने वाले दिनों में 17% की कमाई की संभावना दिख रही है। बुधवार को भी इसके शेयरों में तेजी दिखी और ये दोपहर को 0.80% की तेजी के साथ 3,093 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
मिस्त्री का कहना है कि महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने ई-एसयूवी के कारोबार राजस्व बाजार हिस्सेदारी के लिहाज से अग्रणी स्थान हासिल किया है। महिंद्रा की ईवी यूनिट एमईएएल ने चौथी तिमाही में 6,300 इकाइयों की बिक्री की, जिससे 22 अरब रुपये की आय हुई। इसमें कंपनी का कर-पूर्व आय का मार्जिन (एबिटा मार्जिन) 0.5% रहा। इस प्रदर्शन के आधार पर ई-एसयूवी श्रेणी में महिंद्रा ऐंड महिंद्रा की बाजार हिस्सेदारी 372% और ई-यात्री वाहन श्रेणी में 33.1% तक पहुँच गयी है।
कंपनी अब अपने लोकप्रिय मॉडलों थार रॉक्स और 3एक्सओ की उत्पादन क्षमता में हर महीने लगभग 1,500 इकाइयों की वृद्धि करने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा कंपनी 2026 तक 7 नये मॉडल उतारने की तैयारी कर रही है, जिनमें दो मिड-साइकल अपडेट शामिल हैं।
महिंद्रा ऐंड महिंद्रा का ट्रैक्टर कारोबार भी मजबूत रहा। चौथी तिमाही में ट्रैक्टर बिक्री में 22.9% की वृद्धि हुई और इस क्षेत्र में कंपनी का कोर मार्जिन 20.8% तक पहुँच गया, जो बीते वर्ष की समान तिमाही से 320 आधार अंक अधिक है। मिस्त्री का मानना है कि अच्छे मानसून की उम्मीद और बाजार हिस्सेदारी में बढ़त के चलते कंपनी को इस खंड में भी आगे अच्छे नतीजे मिलने की संभावना है।
(शेयर मंथन, 09 मई 2025)
(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)