तेल-गैस में रिलायंस सबसे ज्यादा पसंद, लक्ष्य 1,550 रु.: सीएलएसए
सीएलएसए ने भारत के तेल-गैस क्षेत्र में रिलायंस इंडस्ट्रीज को अपना सबसे पसंदीदा शेयर मानते हुए इसका लक्ष्य भाव 1,550 रुपये रखा है। सीएलएसए की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारत में इसके तेल-गैस विश्लेषक सोमशंकर सिन्हा का कहना है कि रिलायंस की नयी परियोजनाएँ न केवल इसे रिफाइनिंग और केमिकल्स कारोबार में मौजूदा गिरावट के दौर से उबरने में मदद करेंगीं, बल्कि अगले 2 सालों में इसकी आमदनी में काफी अच्छा इजाफा भी करेंगीं।
राजीव रंजन झा
सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज के पूर्व चेयरमैन बी रामलिंग राजू, पूर्व प्रबंध निदेशक रामा राजू और पूर्व सीएफओ श्रीनिवास वदलामणि की जमानत याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया है। रामलिंग राजू, रामा राजू और श्रीनिवास अब 31 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। छठे अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने एसआरएसआर होल्डिंग के महाप्रबंधक गोपालकृष्ण राजू की जमानत याचिका और पुलिस हिरासत संबंधी याचिका को भी गुरुवार तक के लिए टाल दिया है।
स्टील क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा स्टील के लाभ में 56% की कमी आयी है। कंपनी का लाभ अक्टूबर-दिसंबर 2008 की तिमाही में 466.24 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में कंपनी का लाभ 1068.58 करोड़ रुपये था। इस अवधि में कंपनी की आमदनी में भी कमी आयी है। साल 2008 की दिसंबर तिमाही में कंपनी को 4810.63 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष 2007 की इसी तिमाही में कंपनी की आय 5020.97 करोड़ रुपये रही थी।
धातु क्षेत्र की दिग्गज कंपनी जेएसडब्लू स्टील को अक्टूबर-दिसंबर,2008 की तिमाही में 127.5 करोड़ का घाटा हुआ है। कंपनी को अक्टूबर-दिसंबर, 2007 की इसी तिमाही में कंपनी को 355.37 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज दोपहर 1.57 बजे कंपनी का शेयर भाव 3.9% की कमजोरी के साथ 186.40 रुपये पर है, हालाँकि आज के कारोबार में यह 178.00 रुपये के निचले स्तर तक चला गया था।
मेतास इन्फ्रा के शेयरों में गिरावट का क्रम रुकने का नाम नहीं ले रहा है, हालाँकि विभिन्न समाचार माध्यमों में इस आशय की खबर है कि दक्षिणी रेल ने मेतास को दिये गये 250 करोड़ रुपये से अधिक के ठेकों को जारी रखने का फैसला किया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में भी मेतास इन्फ्रा के शेयर ने लोअर सर्किट छू लिया है। इस तरह यह अब तक लगातार चौदह कारोबारी सत्रों में लोअर सर्किट छू चुका है। बीएसई में आज बुधवार के कारोबार में मेतास इन्फ्रा के शेयर का भाव करीब 5% गिर कर 81.85 रुपये तक चला गया। गौरतलब है कि इससे पहले खबर आयी थी कि महाराष्ट्र सरकार ने मेतास इन्फ्रा को दिये गये करीब 480 करोड़ रुपये के ठेकों को रद्द कर दिया है।