निफ्टी के लिए 2,750 पर समर्थन
सलिल शर्मा, पार्टनर, कपूर शर्मा एंड कंपनी
आज सुबह भारतीय शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ होने की संभावना दिख रही है। इसके पीछे पहली वजह यह है कि कल निफ्टी 2,750 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर बंद होने में कामयाब रहा। दूसरी बात यह कि आज के लिए अंतरराष्ट्रीय संकेत तुलनात्मक तौर पर ठीक लग रहे हैं। निफ्टी के लिए 2,750 के स्तर पर समर्थन है। इसके नीचे निफ्टी के लिए 2,680 पर समर्थन है। ऊपर की निफ्टी के लिए 2,812 पर बाधा दिख रही है। यदि निफ्टी इस स्तर को तोड़ देता है, तो यह 2,870 तक जा सकता है।
ग्लैक्सो स्मिथक्लाइन फार्मास्युटिकल्स के मुनाफे में 7% की वृद्धि हुई है। कंपनी का मुनाफा कैलेंडर साल 2008 में 576.57 करोड़ रुपये रहा है, जबकि पिछले कैलेंडर साल 2007 में यह 537.66 करोड़ रुपये था। कंपनी की आमदनी में भी वृद्धि हुई है। कैलेंडर साल 2008 में कंपनी का सालाना आय 1708.94 करोड़ रुपये का रहा, जबकि कैलेंडर साल 2007 में सालाना आय 1621.75 करोड़ रुपये था। कंपनी ने लाभांश की घोषणा भी की है। कंपनी के इक्विटी शेयरों पर 22 रुपये प्रति शेयर लाभांश दिया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी ने इक्विटी शेयरों पर 18 रुपये प्रति शेयर अंतरिम लाभांश देने की घोषणा की भी है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज मेतास इन्फ्रा के शेयर ने ऊपरी सर्किट छू लिया है। बीएसई में आज बुधवार के कारोबार में मेतास इन्फ्रा के शेयर का भाव 5% चढ़ कर 56.85 रुपये तक चला गया। बीएसई में दोपहर 2.0 बजे कंपनी का शेयर भाव 2.22% की मजबूती के साथ 55.35 रुपये पर है।
केईसी इंटरनेशनल को 365 करोड़ रुपये के ठेके हासिल हुए हैं। कंपनी ने बीएसई को भेजी गयी विज्ञप्ति में सूचित किया है कि इसे वेस्ट बंगाल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड (डब्लूबीएसईडीसीएल) की ओर से 255 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। इस ठेके के तहत केईसी इंटरनेशनल पश्चिम बंगाल के 3340 गाँवों का विद्युतीकरण करेगी। यह काम अगस्त 2010 तक पूरा किया जाना है। कंपनी को पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) की ओर से 67 करोड़ रुपये की ठेका हासिल हुआ है। इसके तहत बिहार के 16 प्रखंडों (ब्लॉक) में विद्युतीकरण किया जाना है।
राजीव रंजन झा
जीएमआर होल्डिंग्स कंपनी ने जीएमआर इन्फ्रा के शेयरों की खरीद खुले बाजार से की है। बीएसई को सूचित करते हुए जीएमआर इन्फ्रा ने बताया है कि जीएमआर होल्डिंग कंपनी ने 10,11 और 12 फरवरी 2009 को खुले बाजार से कंपनी के कुल 6,30,000 शेयरों की खरीद की है। इस खरीदे के साथ ही कंपनी में जीएमआर होल्डिंग्स कंपनी की हिस्सेदारी 74.19% हो गयी है।
हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) को हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन की ओर से कशांग हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर परियोजना के लिये ठेका मिला है। एचसीसी ने बीएसई को भेजी गयी एक विज्ञप्ति में सूचित किया है कि एचपीपीसी की ओर से एचसीसी को 296.90 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है। इस खबर का सकारात्मक असर कंपनी के शेयर भाव पर नहीं दिख रहा है।