शेयर मंथन में खोजें

बाजार ठीक रहा तो एसबीआई (SBI) 2550 की ओर

राजीव रंजन झा : शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने फिर से कुछ छकाया और नीचे जाने का इशारा करते-करते एकदम से वापस उछल गया।
मैंने शुक्रवार की सुबह को लिखा था कि निफ्टी (Nifty) 6158 के नीचे जाने पर मुनाफावसूली का अंदेशा रहेगा और 6150 के नीचे जाने पर 6120-6100 तक गिरने की संभावना बनेगी। निफ्टी ने दोपहर तक 6150-6150 के दायरे में सहारा लिया, दोपहर बाद 6150 के नीचे फिसलता दिखा, लेकिन अचानक दिशा बदलते हुए आखिरी घंटे में 6146 से उछल कर दिन के ऊपरी स्तर 6199 तक चला गया। शुक्रवार के उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब एकदम छोटी अवधि के नजरिये से खतरे का निशान 6146 पर लगाया जा सकता है। इसके नीचे जाने पर मुनाफावसूली उभर सकती है। लेकिन दूसरी ओर 6200 से आगे बढ़ने पर यही मानना चाहिए कि यह 6300-6350 की ओर, यानी जनवरी 2008 के रिकॉर्ड स्तर को फिर से छूने के लिए आगे बढ़ेगा।
बीते हफ्ते के दौरान बाजार के सबसे बड़े दिग्गज शेयर रिलायंस ने भी एक अच्छी चाल पकड़ने की कोशिश की, लेकिन शुक्रवार को यह चाल आगे नहीं बढ़ पायी। आपको याद दिला दूँ कि दो हफ्ते पहले 6 मई को मैंने इसके बारे में लिखा था कि 814 के ऊपर निकल कर टिकने की सूरत में 848 और 889 के लक्ष्य बनेंगे। उस समय इसका पिछला बंद स्तर 801 था। बीते हफ्ते इसने गुरुवार को अच्छी तेजी दिखायी और शुक्रवार को भी थोड़ा आगे बढ़ते हुए 845 तक चढ़ा, लेकिन इसके बाद यह फिसल गया और 836 पर बंद हुआ।
अप्रैल की शुरुआत से रिलायंस एक चढ़ती पट्टी बनाता दिख रहा है। बीते शुक्रवार को यह इस पट्टी की ऊपरी रेखा को छूने के बाद पलटता दिखा है। ऐसे यह इस पट्टी की निचली रेखा की ओर 800-810 की ओर लौट सकता है, जहाँ इसे 50 एसएमए और 20 एसएमए होने के चलते भी सहारा मिल सकता है। अगर यह 800-810 के आसपास से ही सहारा लेकर वापस पलटा तो यह पट्टी फिर से ऊपर की ओर 860-870 के आसपास के लक्ष्य सामने रखेगी। लेकिन अगर यह अपनी मौजूदा चाल ही में 848 पार कर गया तो पहले 870 और फिर 889 इसके अगले पड़ाव हो सकते हैं। मैंने 6 मई को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बारे में लिखा था कि “2170-2190 का दायरा इसके लिए काफी महत्वपूर्ण बन गया है। इसके नीचे जाने पर यह वापस करीब 2100 और उसके बाद अप्रैल की तलहटी की ओर फिसल सकता है। लेकिन 2170-2190 के दायरे में सहारा मिल जाने पर यह देखना होगा कि अप्रैल के ऊपरी स्तर 2360 को यह पार कर पाता है या नहीं। इसके लिए 2360 के ऊपर जाना नयी तेजी का संकेत होगा।”
उस समय एसबीआई का पिछला बंद स्तर 2214 का था। अगले दिन 7 मई को 2170-2190 के दायरे के अंदर ही 2183 तक गिरने के बाद वापस सँभला। बीते हफ्ते गुरुवार 16 मई को यह 2439 तक चढ़ा और शुक्रवार का इसका बंद स्तर 2425 है। जाहिर है कि 2360 पार होने के बाद अब इसमें तेजी जारी रहने की उम्मीद की जा सकती है। दरअसल 2360 इसका ठीक पिछला शिखर था और अब इसने ऊपरी शिखर ऊपरी तलहटी की संरचना बनानी शुरू कर दी है। अगर आने वाले सत्रों में यह 2378-2360 के दायरे को तोड़ इसके नीचे न फिसले और 2439 से ऊपर चढ़ना शुरू करे तो यह जनवरी 2013 के शिखर 2552 को जल्दी ही छू सकता है। अगर पूरे बाजार का रुझान सहायक बना रहा तो मौजूदा तेजी में यह करीब 2700 के लक्ष्य की ओर भी बढ़ सकता है। दूसरी ओर 2360 से नीचे जाने पर इसके लिए प्रमुख समर्थन स्तर 2271 और फिर 2170-2190 के दायरे में होंगे। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 20 मई 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"