भारतीय शेयर बाजार हल्की मजबूती के साथ बंद
भारतीय शेयर बाजार हल्की मजबूती के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 52 अंकों की बढ़त के साथ 9,201 पर रहा। निफ्टी 19 अंकों की मजबूती के साथ 2,803 पर बंद हुआ। मजबूत वैश्विक संकेतों के मद्देनजर कारोबारी हफ्ते के तीसरे दिन सुबह भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। आज शेयर बाजार में दिनभर उतार-चढ़ाव का क्रम चलता रहा। बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 0.57% की हल्की मजबूती से साथ बंद हुआ। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.45% और बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 0.03% की हल्की गिरावट आयी। धातु सूचकांक में 2.9%, रियल्टी सूचकांक में 1%, तेल और गैस सूचकांक में 0.73%, टीईसीके सूचकांक में 0.67%, पीएसयू सूचकांक में 0.60% और पावर सूचकांक में 0.43% की उछाल आयी। एफएमसीजी, ऑटो, कैपिटल गुड्स, आईटी और बैंकिंग सूचकांक के शेयरों ने आज हल्की उछाल दर्ज की। आज कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सूचकांक में 2.7% और हेल्थकेयर सूचकांक में 0.35% की हल्की कमजोरी रही।
सत्यम के निदेशक मंडल की आज हुई बैठक के बाद कोई बयान जारी नहीं किया गया। सरकार द्वारा बनाये गये इस निदेशक मंडल की बैठक कल भी जारी रहेगी। ऐसे कयास लगाये जा रहे थे कि सत्यम कम्प्यूटर सर्विसेज का निदेशक मंडल आज कंपनी के सीईओ और सीएफओ के नाम घोषित तक देगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज के कारोबार में सत्यम कंप्यूटर्स के शेयरों में गिरावट है। आज के कारोबार में कंपनी का शेयर भाव 49.25 रुपये का निचला स्तर छूने के बाद दोपहर 2.12 बजे 7% की कमजोरी के साथ 49.95 रुपये पर है।