भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बाजार की उम्मीदों के अनुरूप बुधवार को रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी करते हुए इसे 5.25% से बढ़ाकर 5.5% कर दिया है।
फरवरी 2023 के बाद यह पहली बार है जब RBI ने रेपो रेट बढ़ाया है। गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता वाली मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया। बढ़ती महंगाई, ऊंची तेल कीमतों और कमजोर रुपये के बीच RBI ने अपनी मौद्रिक नीति का रुख भी ‘न्यूट्रल’ से बदलकर ‘कैलिब्रेटेड टाइटनिंग’ कर दिया है। इसका संकेत साफ है कि निकट अवधि में ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम है और अगर महंगाई का दबाव बढ़ता है तो आगे एक और दर बढ़ोतरी से इनकार नहीं किया जा सकता। RBI ने चालू वित्त वर्ष के लिए कोर महंगाई का अनुमान भी 4.3% से बढ़ाकर 4.4% कर दिया है। हालांकि, वैश्विक स्तर पर महंगाई, व्यापारिक अनिश्चितता और ईरान युद्ध से सप्लाई चेन पर पड़ने वाले असर जैसी चुनौतियों के बावजूद केंद्रीय बैंक का मानना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत और लचीली बनी हुई है।
(शेयर मंथन, 07 अक्टूबर 2026)


