संजय सिन्हा
संस्थापक, साइट्रस एडवाइजर्स
युद्ध, कच्चे तेल की कीमतों, रुपये में कमजोरी और एफपीआई की बिकवाली जैसी चुनौतियों के बावजूद भारतीय बाजार ने उल्लेखनीय दृढ़ता का प्रदर्शन किया है।
इन प्रतिकूल परिस्थितियों के छँटने पर बाजार में अधिक टिकाऊ तेजी देखने को मिल सकती है। मेरा अनुमान है कि दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स करीब 85,000 और निफ्टी करीब 26,700 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए सेंसेक्स का मेरा लक्ष्य 90,000 और निफ्टी का लक्ष्य 28,500 है। अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों के अनुरूप रह सकता है। सेंसेक्स वर्ष 2028 तक 1 लाख के स्तर पर पहुँच सकता है।
इस समय भारतीय शेयर बाजार के लिए घरेलू निवेश प्रवाह सबसे बड़ा सकारात्मक कारक है। इसके विपरीत, रुपये में कमजोरी बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता है। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 91-95 के दायरे में रहने की संभावना है।
कंपनियों के तिमाही नतीजे तथा महँगाई एवं ब्याज दरों की दिशा अगले 6 महीनों में बाजार के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक होंगे। वैश्विक स्तर पर कमोडिटी कीमतों और महँगाई की दिशा भी भारतीय बाजार को प्रभावित करेगी। वैश्विक और घरेलू ब्याज दरों का बाजार पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि इससे निवेश प्रवाह और कंपनियों की आय प्रभावित होगी।
अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव रहा है। यह संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौता हो सकता है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अगले 3 महीनों में हो सकता है और इससे भारतीय बाजार पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय में 0-10% की वृद्धि की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,215 रुपये और 2027-28 में 1,400 रुपये रह सकती है। भारत की आर्थिक विकास दर (जीडीपी वृद्धि) 2026-27 में 6.75% और 2027-28 में 7.25% रहने का अनुमान है।
अगले 12 महीनों में मुझे आईटी, ऑटोमोबाइल और पूँजीगत वस्तुओं (कैपिटल गुड्स) के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके विपरीत, कंज्यूमर स्टेपल्स और सीमेंट क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकते हैं। वैश्विक एआई बुलबुला अभी नहीं फूटा है। जब यह फूटेगा तो शुरुआती दौर में भारतीय बाजार पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है, लेकिन अंततः भारत को इससे लाभ होगा। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय बाजार में फिर से शुद्ध खरीदार बनने की उम्मीद वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में की जा सकती है।
(शेयर मंथन, 21 जुलाई 2026)


