शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

बाजार में बदलाव का दौर : घरेलू माँग से बाजार को सहारा, लेकिन वैश्विक जोखिम बरकरार

श्रीकांत चौहान

एक्जीक्यूटिव वीपी, कोटक सिक्योरिटीज

भारतीय शेयर बाजार अब एक स्पष्ट बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है। वह दौर थम गया है, जिसमें आसानी से केवल मूल्यांकन बढ़ने के कारण बाजार में तेजी बनी हुई थी, जिसमें सारे शेयर केवल इसलिए चढ़ रहे थे क्योंकि वे भारतीय बाजार के थे।

आगे का बाजार उनके लिए है, जो शेयरों को चुन सकते हैं। इस बाजार में आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों (जैसे तेल और भूराजनीतिक जोखिम) की जगह माँग से जुड़ी वास्तविकताएँ (जैसे मानसून की प्रगति और वैश्विक आर्थिक वृद्धि) अधिक महत्वपूर्ण होंगी।

सेंसेक्स अगले 6 महीनों में 86,000 और निफ्टी 26,000 के स्तर तक पहुँच सकते हैं। अगले 12 महीनों के लिए मेरा लक्ष्य सेंसेक्स के लिए 93,000 और निफ्टी के लिए 28,000 है। हालाँकि, अगले 12 महीनों में भारतीय बाजार का प्रदर्शन वैश्विक बाजारों की तुलना में कमजोर रहने वाला है। सेंसेक्स को 1 लाख तक जाने में वर्ष 2030 तक का समय लग सकता है।

अभी बाजार के लिए सकारात्मक पहलुओं में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विभिन्न मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), रुपये में मजबूती और मजबूत घरेलू माँग शामिल हैं। दूसरी ओर, भूराजनीतिक जोखिम, बाहरी निर्भरता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी चुनौतियाँ चिंता का विषय हैं। अगले 6 महीनों में कंपनियों के तिमाही नतीजे तथा महँगाई और ब्याज दरों की दिशा बाजार के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक होंगे।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कॉर्पोरेट आय वृद्धि (अर्निंग ग्रोथ) 0-10% के दायरे में रह सकती है। अनुमान है कि 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,247 रुपये और 2027-28 में 1,425 रुपये रहेगी। भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2026-27 में 6.1% और 2027-28 में 6.8% रह सकती है।

अमेरिका-ईरान संघर्ष का भारतीय बाजार पर काफी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। पर मेरा मानना है कि अमेरिका तथा ईरान के बीच अंतिम समझौता संभव है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दिसंबर 2026 तक होने की उम्मीद है, हालाँकि अगले 3-6 महीनों में ऐसा समझौता होने के बाद भी भारतीय बाजार पर इसका प्रभाव तटस्थ रह सकता है।

वैश्विक और घरेलू ब्याज दरों के परिदृश्य को लेकर बाजार थोड़ा चिंतित, सतर्क और कमजोर रह सकता है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अपेक्षाकृत सख्त रुख और भारतीय रिजर्व बैंक के रक्षात्मक रुख का बाजार पर असर देखने को मिल सकता है। मेरा मानना है कि वैश्विक एआई बाजार में एक संरचनात्मक सुधार (स्ट्रक्चरल करेक्शन) चल रहा है। यह डॉट-कॉम वाले दौर की तरह पूरा ध्वस्त होने जैसा नहीं है, बल्कि वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के अत्यधिक पूँजीगत खर्च (कैपेक्स) से तत्काल मुनाफा नहीं मिलने के कारण बाजार में हो रहा सुधार है। इसका भारतीय बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

अगले 6 महीनों में होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव कम होना और इसका दोबारा खुलना, वैश्विक बॉन्ड यील्ड और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख में बदलाव तथा एआई क्षेत्र में हो रहा संरचनात्मक बदलाव भारतीय बाजार के लिए महत्वपूर्ण वैश्विक कारक होंगे। जून महीने और जुलाई के आरंभिक आँकड़े दिखा रहे हैं कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली का सबसे खराब दौर संभवतः बीत चुका है और बाजार फिलहाल स्थिरता के चरण में है। वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के अंत से चौथी तिमाही की शुरुआत के बीच एफआईआई की टिकाऊ खरीदारी शुरू होने की उम्मीद है। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 93-97 के दायरे में रह सकता है।

क्षेत्रों की बात करें तो अगले 12 महीनों में बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और रियल एस्टेट के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, जबकि कंज्यूमर क्षेत्र अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। मेरी पसंद के शीर्ष 5 शेयरों में लोढ़ा डेवलपर्स, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, ऐक्सिस बैंक और टाइटन शामिल हैं।

(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!