शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

बाजार में तेजी का रुझान, पर वैश्विक जोखिमों से रहें सतर्क

विजय भूषण

निदेशक, भारत भूषण इक्विटी

भारतीय शेयर बाजार को लेकर मेरा रुख इस समय सकारात्मक है, हालाँकि वैश्विक भूराजनीतिक जोखिमों को देखते हुए निवेशकों को सतर्क आशावाद बनाये रखना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स 83,200 और निफ्टी 25,960 के स्तर तक पहुँच सकते हैं।

अगले 12 महीनों के लिए मेरा सेंसेक्स लक्ष्य 87,100 और निफ्टी लक्ष्य 27,200 है। सेंसेक्स के 1 लाख के स्तर पर पहुँचने की उम्मीद वर्ष 2030 तक ही लगती है।

मैं वित्त वर्ष 2026-27 में निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) 1,210 रुपये और 2027-28 में 1,280 रुपये रहने का अनुमान रखता हूँ। कॉर्पोरेट आय में 2026-27 की पहली छमाही में 0-10% की वृद्धि की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.7% और 2027-28 में 6.8% रह सकती है।

बाजार के लिए सकारात्मक पहलुओं में अच्छी घरेलू आर्थिक वृद्धि, सरकार का पूँजीगत व्यय (कैपेक्स) पर जोर, बैंकिंग क्षेत्र में घटता एनपीए, घरेलू संस्थागत निवेश प्रवाह और नियंत्रित महँगाई शामिल हैं। दूसरी ओर, अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर अनिश्चितता, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, ब्याज दरों का जोखिम तथा मानसून की कमजोरी से महँगाई बढ़ने की आशंका प्रमुख नकारात्मक कारक हैं। 

अगले 6 महीनों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति, कच्चे तेल की कीमतें, भूराजनीतिक जोखिम और एफआईआई निवेश प्रवाह भारतीय बाजारों को प्रभावित करने वाले प्रमुख वैश्विक कारक होंगे। मुझे उम्मीद है कि एफपीआई 2026 के अंत तक भारतीय बाजारों में फिर से शुद्ध खरीदार बन सकते हैं। 

मुझे अभी वैश्विक एआई शेयरों में ऐसी स्थिति नहीं दिखती, जिसे पूरी तरह एआई बुलबुला कहा जा सके। हालाँकि, वैश्विक एआई एआई शेयरों में गिरावट आने पर भारतीय आईटी क्षेत्र पर भी इसका बड़ा असर पड़ सकता है। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की बिकवाली बढ़ने से भारतीय शेयर बाजारों पर भी दबाव बन सकता है। 

अगले 6 महीनों में क्रूड ऑयल की कीमतें और वैश्विक अर्थव्यवस्था, अमेरिकी टैरिफ और कंपनियों के तिमाही नतीजे बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक रहेंगे। अमेरिका-ईरान युद्ध का भारतीय बाजार पर अब तक हल्का नकारात्मक प्रभाव रहा है। पर मुझे लगता है कि अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौता भी हो सकता है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दिसंबर 2026 तक अंतिम रूप लेने की उम्मीद है और इसके होने पर भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।

वैश्विक और घरेलू ब्याज दरों में बढ़ोतरी भारतीय बाजारों के लिए नकारात्मक होगी। यदि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाता है, तो भारत में भी ब्याज दरों में वृद्धि हो सकती है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि और महँगाई बढ़ने की स्थिति में भी आरबीआई पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव बन सकता है। अगले 6 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया 95-99 के दायरे में रह सकता है।

अगले 12 महीनों में भारतीय बाजारों के वैश्विक बाजारों की तुलना में लगभग समान प्रदर्शन की उम्मीद है। मुझे पूँजीगत वस्तु (कैपिटल गुड्स), रक्षा (डिफेंस), बिजली (पावर) एवं बिजली उपकरण, सेवा-सत्कार (हॉस्पिटैलिटी), स्वास्थ्य सेवाएँ (हेल्थकेयर) और संचार (टेलीकॉम) क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन करते दिखते हैं, जबकि रसायन (केमिकल), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), वस्त्र (टेक्सटाइल) और धातु (मेटल) क्षेत्र कमजोर रह सकते हैं। मेरी सबसे पसंदीदा 5 कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, एलऐंडटी, बीईएल, सीमेंस और अपोलो हॉस्पीटल शामिल हैं।

(शेयर मंथन, 23 जुलाई 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!