शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

क्या टूट गया वैश्विक बाजारों से कदमताल?

राजीव रंजन झा : भारतीय बाजार में कमजोरी के लिए जिम्मेदार बताये जाने वाले कारण एक-एक कर कटते या हल्के पड़ते जा रहे हैं, लेकिन भारतीय बाजार की कमजोरी अभी जारी है।

कल अमेरिकी बाजारों में आयी शानदार तेजी भी आज सुबह भारतीय बाजार का मिजाज नहीं बदल पायी। शुरुआती कारोबार में कुछ देर हल्की बढ़त दिखाने के बाद बाजार फिर से लाल दिख रहा है। इससे पहले भी हमने बीते 1-2 हफ्तों में देखा है कि वैश्विक बाजारों की हरियाली भारतीय बाजार में कोई उत्साह नहीं जगा पा रही है।
लेकिन भारतीय बाजार में गिरावट के पीछे कौन-कौन से कारण गिनाये जा रहे थे? मिस्र के संकट के कारण वैश्विक बाजारों में घबराहट एक प्रमुख कारण था ना? मिस्र के संकट की चर्चा अब उतनी नहीं हो रही। वैश्विक बाजार ऊपर चढ़ते दिख रहे हैं। नैस्डैक कंपोजिट 03 साल के सबसे ऊपरी बंद स्तर पर है। मिस्र के संकट के कारण ही कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर चला गया था, जिसे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए खतरे की घंटी माना गया। अब कच्चा तेल फिर से 90 डॉलर के नीचे आ गया है, लेकिन घंटी बजाने वाले शायद उसका बटन बंद करना भूल गये हैं!
महँगाई दर और बढ़ती ब्याज दरों के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जतायी गयी। महँगाई दर अब भी ऊंचे स्तरों पर है और ब्याज दरें भी आगे कुछ और बढ़ने के ही आसार लगते हैं। लेकिन इस साल आर्थिक विकास दर 8.6% रहने के अनुमान से बाजार को कुछ राहत महसूस करनी चाहिए थी। उस राहत का कोई असर नहीं दिख रहा है।
और सबसे खास बात यह कि जनवरी के पहले हफ्ते से विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली भारतीय बाजार पर भारी पड़ी थी। लेकिन पिछले हफ्ते से यह बिकवाली थमती दिख रही है। कल भी उनकी शुद्ध बिकवाली केवल 65 करोड़ रुपये की रही। शुक्रवार को जब सेंसेक्स 441 अंक लुढ़का था, उस दिन न तो एफआईआई की बिकवाली का दबाव था, न ही घरेलू संस्थाओं (डीआईआई) का। उस दिन एफआईआई ने 144 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी।
ए राजा की गिरफ्तारी के बाद भी बाजार में डर का माहौल बना (या बनाया गया), हालाँकि इसके चलते कांग्रेस और द्रमुक के संबंधों में दरार की बातें अब तक केवल अटकलबाजी ही निकली हैं। मोटा सवाल यही है कि बाजार पर लगातार दबाव किन लोगों की बिकवाली के चलते है और उनका मकसद क्या है? Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 08 फरवरी 2011)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!