भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट
11.07: कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजारों में आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। इस समय सेंसेक्स 250 अंकों की गिरावट के साथ 9,079 पर है, जबकि निफ्टी 77 अंक नीचे 2,769 पर है। बीएसई के सभी क्षेत्रवार सूचकांक लाल निशान में हैं। बीएसई बैंकिंग सूचकांक में 3.5% से अधिक कमजोरी है। भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस कम्युनिकेशंस और एचडीएफसी में 4% से अधिक गिरावट है। एचडीएफसी बैंक, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, एसबीआई, ओएनजीसी, जयप्रकाश एसोसिएट्स, टाटा स्टील और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में 3-3.5% की कमजोरी है।
राजीव रंजन झा
यूनिटेक ने अपने कर्ज को लेकर शेयर बाजार की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है। गौरतलब है कि बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में आज सुबह के कारोबार में यूनिटेक का शेयर भाव इन चिंताओं के बीच 14% से अधिक गिर गया था कि कंपनी म्युचुअल फंडों का कर्ज चुका पाने में असफल रही है। हालांकि बाद में यूनिटेक के शेयर भाव में तेजी आयी और 32.80 रुपये का ऊँचा स्तर छूने के बाद यह करीब 6% चढ़ कर 31.90 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी ने ईजीएम के बाद मीडिया को जानकारी दी कि म्युचुअल फंडों के एफएमपी का जो 900 करोड़ रुपये का बकाया था, उसका अधिकांश हिस्सा चुका दिया गया है। इस कर्ज की अंतिम तारीख 19 जनवरी की थी। कंपनी ने औपचारिक रूप से यह तो नहीं बताया कि कितनी रकम चुकायी गयी है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक 500 करोड़ रुपये की रकम 17 जनवरी तक चुका दी गयी थी, बाकी कर्ज की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है और अब इन कर्जों की अंतिम तारीखें इस वित्त वर्ष के बाद की हैं। बाजार विशेषज्ञ सलिल शर्मा का मानना है कि कंपनी की इस घोषणा से शेयर को अच्छा सहारा मिला है और यह छोटी अवधि में 35 रुपये तक जा सकता है। साथ ही उनका मानना है कि इस शेयर में आने वाली तेजी का इस्तेमाल इससे बाहर निकलने के लिए करना चाहिए।