शेयर मंथन में खोजें

News

राजू की स्वीकारोक्ति से गहरा धक्काः फिक्की

उद्योग संगठन फिक्की ने रामलिंग राजू द्वारा सत्यम कंप्यूटर्स के बहीखातों में भारी अनियमितता की स्वीकारोक्ति के प्रति गहरा आश्चर्य प्रकट किया है। फिक्की के अध्यक्ष और सांसद राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि इस स्वीकारोक्ति से हमें गहरा धक्का लगा है और इस पर विश्वास कर पाना कठिन है। उन्होंने विभिन्न नियामक संस्थाओं द्वारा ऐसे कदम उठाये जाने की माँग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दुहरायी जायें। इंडिया इन्फोलाइन ने इसे भारत के लिए काला दिन करार देते हुए कहा है कि इस स्तर की कंपनी के लिहाज से यह देश का संभवतः सबसे बड़ा कॉरपोरेट घोटाला है।

सत्यम के भूचाल से गिरे शेयर बाजार

सत्यम कंप्यूटर्स के चेयरमैन द्वारा जालसाजी की स्वीकारोक्ति के बाद भारतीय शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली आने से सभी बाजार सूचकांक भारी गिरावट के बाद बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 749 अंकों की गिरावट के साथ 9,587 पर रहा, जबकि निफ्टी 193 अंकों की कमजोरी के साथ 2,920 पर बंद हुआ। आज के कारोबार में एनएसई के सीएनएक्स मिडकैप सूचकांक में 7% की बड़ी गिरावट आयी। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 7.17% और बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 6.29% की कमजोरी आयी। बीएसई के सभी क्षेत्रीय सूचकांक लाल निशान के साथ बंद हुए। रियल्टी सूचकांक में 16.95%, आईटी सूचकांक में 9.32% और तेल-गैस सूचकांक में 9.35% की गिरावट आयी। शेष सभी सूचकांकों में 2-8% की कमजोरी आयी।

एशियाई बाजारों में रहा मिला-जुला रुख

बुधवार को एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया के कॉस्पी सूचकांक में 2.84% की मजबूती आयी। निक्केई में 1.74% और ताइवान वेटेड में 1.32% की बढ़त रही। हांगकांग के हैंग सेंग सूचकांक में 3.37% और सिंगापुर के स्ट्रेट्स टाइम्स में 1.73% की कमजोरी रही।

अल्फाजिओ इंडिया और एचओईसी के बीच 37 करोड़ का करार

अल्फाजिओ इंडिया और हिंदुस्तान ऑयल एक्स्पोलेरेशन कंपनी (एचओईसी) के बीच  37 करोड़ रुपये का एक करार हुआ है। कंपनी ने बीएसई को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि इस करार के तहत एचओईसी के लिए कंपनी असम में भूकंप संबंधित आंकड़ों (सेसमिक डाटा) को संग्रहित करेगी।

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख