दायरा टूटने का इंतजार

राजीव रंजन झा
कल सेंसेक्स-निफ्टी की दिन भर की चाल को देखें, तो इसमें एक अजीब-सी बेचैनी नजर आती है - लगातार एक असमंजस वाली जद्दोजहद। लगता है कि बाजार अपनी अगली दिशा तय नहीं कर पा रहा। कल पूरे दिन निफ्टी 2,600 के नीचे नहीं गया, 2,700 के ऊपर नहीं गया। इससे पहले मंगलवार को भी निफ्टी एक तीखी गिरावट के साथ खुलने के बाद दिन भर तकरीबन 100 अंकों के दायरे में बंधा रहा। इसे ऊपर की ओर 2,700 को छूने का मौका नहीं मिला। नीचे की ओर 2,570 तक थोड़ी देर के लिए गया, लेकिन मोटे तौर पर 2,600 की लक्ष्मण रेखा बनी रही और अंत में यह 2,658 पर टिका।


