पार्थ पटेल जानना चाहते हैं कि उन्हें लेमन ट्री होटल्स (Lemon Tree Hotels) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि होटल सेक्टर में अभी भी ग्रोथ साइकिल पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, यानी आने वाले समय में इसमें और अपसाइड की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लेमन ट्री होटल्स को पोर्टफोलियो में रखा जा सकता है, लेकिन इसमें बहुत ज्यादा वेटेज देना समझदारी नहीं होगी। बेहतर यही है कि ऐसे स्टॉक्स में 3% के आसपास का एक्सपोजर रखा जाए और होटल सेक्टर में थोड़ा डाइवर्सिफिकेशन भी किया जाए।
लेमन ट्री होटल्स में हाल के समय में अच्छा-खासा करेक्शन पहले ही देखने को मिल चुका है, इसलिए अब इसमें बहुत गहरी गिरावट की आशंका कम लगती है। ग्रोथ प्रोफाइल भी ठीक-ठाक दिखाई देती है और फिलहाल कंपनी को लेकर कोई बड़ा नेगेटिव ट्रिगर नजर नहीं आ रहा। हालांकि वैल्यूएशन अभी भी थोड़ा स्ट्रेच्ड कहा जा सकता है, लेकिन उसके मुकाबले ग्रोथ भी मौजूद है। इसलिए इसे पूरी तरह महंगा कहकर नकारा नहीं जा सकता।
पोस्ट-कोविड दौर में होटल इंडस्ट्री में अचानक डिमांड तेज़ी से बढ़ी थी, जबकि सप्लाई उतनी तेजी से नहीं बढ़ पाई। इस वजह से उस समय वैल्यूएशन काफी ऊपर चले गए थे। अब जो कंसोलिडेशन चल रहा है, वह असल में वैल्यूएशन नॉर्मलाइजेशन का ही हिस्सा माना जा सकता है। आने वाले समय में होटल इंडस्ट्री में 15–20% की नॉर्मल ग्रोथ बनी रह सकती है, जो इस सेक्टर के लिए हेल्दी मानी जाती है।
निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे क्वार्टर-दर-क्वार्टर कंपनी के नतीजों पर नज़र रखें और उसी के हिसाब से अपने निवेश को एडजस्ट करें। ओवरऑल होटल सेक्टर पर फिलहाल नेगेटिव व्यू नहीं है और मार्केट सेंटिमेंट सुधरने पर होटल शेयरों में भी अच्छी चाल देखने को मिल सकती है। लेमन ट्री होटल्स में लंबी अवधि के लिए बने रहना ठीक है, लेकिन इसमें बहुत बड़ा दांव लगाने के बजाय संतुलित और डाइवर्सिफाइड अप्रोच अपनाना ज्यादा सुरक्षित रणनीति रहेगी।
(शेयर मंथन, 14 फरवरी 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)